चेन्नई, (वार्ता) इब्राहिम जदरान (नाबाद 95) और सेदिकुल्लाह अटल (44) विस्फोटक बल्लेबाजी के बाद मोहम्मद नीब (चार विकेट) के बेहतरीन प्रदर्शन की बदौलत अफगानिस्तान ने गुरुवार को टी-20 विश्वकप के 39वें मुकाबले में कनाडा पर 82 रनों की जीत के साथ टूर्नामेंट में अपने अभियान का समापन किया।
201 रनों का विशाल लक्ष्य का पीछा करने उतरी कनाडा की टीम युवराज सामरा और कप्तान दिलप्रीत सिंह की सलामी जोड़ी ने पहले विकेट लिये 25 रन जोड़े। तीसरे ओवर में मुजीब उर रहमान ने दिलप्रीत 13 रन को बोल्ड कर अफगानिस्तान को पहली सफलता दिलाई। इसके बाद अफगानिस्तान के गेंदबाजी आक्रमण के आगे कनाडा के बल्लेबाज खुलकर नहीं खेल सके और अंतराल पर विकेट गंवाते रहे। युवराज सामरा (17), हर्ष ठाकर 24 गेंदों में (30), निकोलस कीरटॉ (10) और साद बिन जफर (28) रन बनाकर आउट हुये। कनाडा की टीम निर्धारित 20 ओवरों में आठ विकेट पर 118 रन ही बना सकी और अफगानिस्तान ने 82 रनों से मुकाबला जीत लिया।
अफगानिस्तान के लिए मोहम्मद नबी ने चार विकेट झटके। राशिद खान को दो विकेट मिले। मुजीब उर रहमान और अजमतउल्लाह ओमरजई ने एक- एक बल्लेबाज को आउट किया।
इससे पहले आज यहां कनाडा ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। बल्लेबाजी करने उतरी अफगानिस्तान के लिए रहमानउल्लाह गुरबाज और इब्राहिम जदरान की सलामी जोड़ी ने पहले विकेट के लिए 47 रन जोड़े। छठें ओवर में जसकरण सिंह ने रहमानउल्लाह गुरबाज 20 गेंदों में 30 रन को आउट कर इस साझेदारी को तोड़ा। इसी ओवर में जसकरण ने गुलबदीन नईब (एक) का भी शिकार कर लिया। सेदिक़ुल्लाह अटल ने इब्राहिम जदरान के साथ तीसरे विकेट लिए 95 रन जोड़कर बड़े स्कोर की नींव रखी। सेदिक़ुल्लाह अटल ने 32 गेंदों में दो चौके और दो छक्कों की मदद से 44 रन बनाये। अजमतउल्लाह ओमरजई 13 रन बनाकर आउट हुये। अफगानिस्तान ने निर्धारित 20 ओवरों में चार विकेट पर 200 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया। इब्राहिम जदरान ने 56 गेंदों में सात चौके और पांच छक्के उड़ाते हुए नाबाद 95 रनों की पारी खेली।
कनाडा के लिए जसकरण सिंह ने तीन विकेट झटके। डिलन हेलिगर ने एक बल्लेबाज को आउट किया।
