बनखेड़ी: राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में, बनखेड़ी खंड के उमरधा मंडल और रहटवाड़ा मंडल में रविवार को पथ संचलन का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम संघ के शताब्दी वर्ष को चिह्नित करने और हिंदू समाज के संगठन को मजबूत करने के उद्देश्य से आयोजित किया गया। पथ संचलन उमरधा ग्राम के मंडल केंद्र से शुरू हुआ और नगर तथा ग्राम के प्रमुख मार्गों से निकला। इस दौरान ग्राम में उत्साह का माहौल दिखा। लोगों ने, विशेषकर माताओं और बहनों ने, घरों पर रंगोली बनाकर और पुष्प वर्षा करके जगह-जगह स्वयंसेवकों का भव्य स्वागत किया।
इस दौरान समाज की भागीदारी और स्वयंसेवकों के अनुशासन ने कार्यक्रम को सफल बनाया। पथ संचलन के समापन पर हुए कार्यक्रम में संघ के जिला संघ चालक शिवदयाल चौधरी और मुख्य अतिथि दिनेश यादव उपस्थित रहे। मुख्य वक्ता के रूप में मनीष सहारिया ने स्वयंसेवकों और गणमान्य नागरिकों को संबोधित किया। श्री सहारिया ने अपने उद्बोधन में संघ के 100 वर्ष पूरे होने पर प्रकाश डालते हुए कहा कि संघ की स्थापना का मूल उद्देश्य हिंदू समाज को एकजुट करना था।
उन्होंने वर्तमान सामाजिक स्थिति पर चिंता व्यक्त करते हुए हिंदू समाज को संगठित करके सकारात्मक बदलाव लाने के लिए पंच परिवर्तन के माध्यम से समाज की सज्जन शक्ति का जागरण करने का आह्वान किया। उन्होंने विशेष रूप से समाज में व्याप्त आपसी वैमनस्यता, ऊंच-नीच और अस्पृश्यता जैसी बुराइयों को खत्म करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कुरीतियों को समाप्त करके ही हम देश, धर्म और हिंदुत्व की रक्षा कर सकते हैं और भारत को पुनः विश्व गुरु के स्थान पर पहुंचा सकते हैं। श्री सहारिया ने युवाओं से देश और धर्म की रक्षा के लिए हनुमान की तरह बनने का आह्वान किया।
