
सीधी । जिला स्वास्थ्य विभाग की टीम के निरीक्षण के बाद 7 पैथोलॉजी के रजिस्ट्रेशन आवेदन निरस्त कर दिये गये। सीएमएचओ सीधी ने सीधी शहर सहित जिले में मापदंडों के विपरीत संचालित पैथालॉजी एण्ड डायग्नोस्टिक सेंटर का रजिस्ट्रेशन रद्द किया।
जिले में मनमानी तौर पर पैथालॉजी और डायग्नोस्टिक सेंटर संचालित करने की होड़ मची हुई है। कई संचालित पैथालॉजी और डायग्नोस्टिक सेंटर में निर्धारित मापदंडों का पालन नहीं किया जा रहा है। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी सीधी डॉ.बबिता खरे द्वारा रजिस्टे्रशन एवं नवीनीकरण के लिये आये आवेदनों पर कार्रवाई से पूर्व टीम गठित कर इनका निरीक्षण मौके पर कराने का निर्णय लिया गया। निरीक्षण के दौरान 7 पैथालॉथी एण्ड डायग्नोस्टिक सेंटर में कमी मिलने से इनका रजिस्ट्रेशन आवेदन रद्द कर दिया गया है।
बताते चलें कि पैथालॉथी और डायग्नोस्टिक सेंटर स्थापित करने के लिए एमसीआई मान्यता प्राप्त पैथालॉजिस्ट या योग्य एमबीबीएस स्नातक, आवश्यक नगरीय निकाय लायसेंस, बायो मेडिकल बेस्ट मैनेजमेंट एग्रीमेंट और एनएबीएल मानकों के अनुरूप उपकरण व कम से कम 200-500 वर्गफुट जगह का होना अनिवार्य है। साथ ही नमूना संग्रह क्षेत्र, रिपोर्टिंग और बिलिंग क्षेत्र तथा प्रयोगशाला होना आवश्यक है। साथ ही वातानुकूलित प्रयोगशाला आवश्यक है।
००
इन पैथालॉजी के रजिस्ट्रेशन हुये निरस्त
जिला स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा पैथालॉजी एण्ड डायग्नोस्टिक सेंटरों का निरीक्षण कर निर्धारित मापदंडों के पालन होने की जानकारी ली गई। निरीक्षण के दौरान गोल्डन डायग्नोस्टिक लैब, समाधान पैथालॉजी, हंश पैथालॉजी, गौतम पैथालॉजी, निदान पैथालॉजी, दिव्यांश पैथालॉजी एण्ड डायग्नोस्टिक सेंटर एवं मानव पैथालॉजी अमिलिया में निर्धारित मापदंडों का अभाव पाया गया। रिपोर्ट पर सीएमएचओ सीधी द्वारा सभी के रजिस्टे्रशन आवेदन निरस्त कर दिये गये।
००
बिना रजिस्ट्रेशन संचालित पैथालॉजी पर होगी कार्यवाही…?
जिले में बिना रजिस्ट्रेशन संचालित पैथालॉजी पर कब कार्रवाई होगी यह भी बड़ा सवाल है। विभागीय सूत्रों का कहना है कि बिना रजिस्ट्रेशन संचालित पैथालॉजी को सील करने की कार्रवाई के दौरान प्रशासनिक अधिकारी का उपस्थित रहना आवश्यक है। इसके अभाव में विभागीय टीम कार्रवाई नहीं कर पाती।
००
इनका कहना है
शहर एवं जिले में शासन द्वारा निर्धारित मापदंडों के विपरीत संचालित 7 पैथोलॉजी लैब एण्ड डायग्नोस्टिक सेंटर के रजिस्ट्रेशन आवेदन निरस्त किए गए हैं। बिना रजिस्ट्रेशन संचालित पैथोलॉजी लैब एण्ड डायग्नोस्टिक सेंटर की गठित दल द्वारा जांच कराकर जांच प्रतिवेदन के अनुसार जल्द ही वैधानिक कार्यवाही की जायेगी।
डॉ.बविता खरे, सीएमएचओ-सीधी
