भोपाल। राजधानी में कमिश्नर ऑफ मेट्रो रेल सेफ्टी (सीएमआरएस) द्वारा सुभाष नगर से एम्स स्टेशन तक दोनों ट्रैक पर सिग्नलिंग प्रणाली सहित नियमित मेट्रो संचालन के लिए स्वीकृति प्रदान कर दी गई है. जिसके लिए 25 जुलाई से मेट्रो की नई समय-सारणी लागू की जा रही है, जिसके अंतर्गत यात्रियों को हर 15 मिनट के अंतराल पर मेट्रो टे्रन मिलेगी.
नई सिग्नलिंग प्रणाली के पूर्ण संचालन के साथ अब सुभाष नगर तथा एम्स स्टेशन के मध्य दोनों ट्रैक पर नियमित संचालन हो सकेगा. इससे मेट्रो सेवाएं अधिक व्यवस्थित, सुरक्षित एवं समयबद्ध होंगी. राजधानी के सार्वजनिक परिवहन को और अधिक आधुनिक, सुरक्षित एवं सुविधाजनक बनाने की दिशा में मध्य प्रदेश मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन लिमिटेड ने एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है.
25 जुलाई से लागू होगी नई समय-सारणी
यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए 25 जुलाई से मेट्रो की नई समय-सारणी लागू की जा रही है. नई व्यवस्था के अनुसार पीक आवर्स में यात्रियों को हर 15 मिनट तथा अन्य समय में हर 30 मिनट के अंतराल पर मेट्रो सेवा उपलब्ध होगी.
नई समय-सारणी एक नज़र में
प्रभावी तिथि 25 जुलाई 2026
पहली मेट्रो सुभाष नगर से एम्स के लिए सुबह 9 बजे
रवाना होगी. वहीं वापसी में एम्स से सुभाष नगर सुबह 9:30 बजे
अंतिम मेट्रो टे्रन सुभाष नगर से एम्स शाम 6:30 बजे एवं एम्स से सुभाष नगर शाम 7:00 बजे तक रहेगा. बीच में पीक आवर्स सुबह 9 से 10:30 बजे एवं शाम 5:30 से 7:00 बजे तक में सेवा हर 15 मिनट में मेट्रो अन्य समय हर 30 मिनट में मेट्रो का संचालन होगा. जो कि प्रतिदिन दोनों दिशाओं को मिलाकर 50 कुल ट्रिप रहेंगे. नई समय-सारणी के लागू होने से यात्रियों को कम समय के अंतराल में मेट्रो सेवा उपलब्ध होगी. जिसका विशेष रूप से कार्यालय आने-जाने वाले यात्रियों, विद्यार्थियों तथा दैनिक यात्रियों को इसका सीधा लाभ मिलेगा.