
शाजापुर, बेरछा में हुई 1 लाख 75 हजार रुपए की चोरी की वारदात का बेरछा पुलिस ने खुलासा कर दिया है और एक आरोपी पुलिस के हाथ लगा है, जिससे चोरी गया आधा माल बरामद किया गया है. जबकि शेष मशरूका दो अन्य आरोपियों के पास है, जो फिलहाल फरार हैं, जिनकी तलाश की जा रही है.
जानकारी के अनुसार 16 जुलाई को फरियादी राधेश्याम पिता नाथुलाल सोलंकी ने शिकायत की, जिसमें बताया कि कोई अज्ञात व्यक्ति रात में घर में घुसकर सोने-चांदी की रकम जिसकी अनुमानित कीमत 1 लाख 75 हजार है चोरी कर ले गया. पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए मामला दर्ज किया और विवेचना शुरू की. प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए एसपी प्रियंका शुक्ला के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी बेरछा टीआई द्वारा एक विशेष टीम का गठन किया गया. विवेचना के दौरान आरोपी विकास पिता ओमप्रकाश कंजर 28 निवासी ग्राम रुलकी कंजर डेरा को गिरफ्तार किया गया, जिसके कब्जे से चोरी गई 58 हजार 500 की 01 सोने की अंगूठी, 2 जोड़ चांदी के पायजब व 1 जोड़ चांदी की बिछिया बरामद की गई. जिसे पुलिस ने न्यायालय में पेश किया है. आरोपी ने अपने साथी अमीश पिता रणजीत कंजर व विशाल पिता संतोष कंजर के साथ मिलकर घटना करना बताया व शेष रकम उन्हीं के पास होना बताया. जिनकी पुलिस द्वारा तलाश की जा रही है. इस कार्रवाई में थाना प्रभारी बेरछा भरतसिंह किरार, उप निरीक्षक सूरजभानसिंह ढिल्लन, प्रधान आरक्षक विनोद शर्मा, जितेन्द्र सितपरा, हेमेन्द्र सोलंकी, रामपालसिंह राठोड, मुकेश चौहान, आरक्षक दीपक साहू, अरुण सितपरा, रुपसिंह यादव, कुमेरसिंह यादव व साइबर सेल आरक्षक राजेश दांगी की सराहनीय भूमिका रही.
