जालंधर, 24 जुलाई (वार्ता) जालंधर शहरी यूथ कांग्रेस के अध्यक्ष अंगद दत्ता ने नीट परीक्षा में कथित पेपर लीक और अनियमितताओं के विरोध में 25 जुलाई को जालंधर में आयोजित होने वाले दो शांतिपूर्ण प्रदर्शनों में विद्यार्थियों, युवाओं और आम नागरिकों से बड़ी संख्या में शामिल होने की अपील की है। शुक्रवार को यहां जारी प्रेस बयान में श्री दत्ता ने कहा कि देशभर के लाखों विद्यार्थियों का भविष्य कथित भ्रष्टाचार और प्रशासनिक विफलताओं की भेंट नहीं चढ़ने दिया जा सकता। उन्होंने कहा कि प्रत्येक छात्र का निष्पक्ष और पारदर्शी परीक्षा प्रणाली पर अधिकार है तथा इसी उद्देश्य से यह आंदोलन आयोजित किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि पहला ‘जालंधर स्टूडेंट्स प्रोटेस्ट एंड मार्च’ शनिवार, 25 जुलाई को सुबह नौ बजे से पुडा ग्राउंड (डीसी कार्यालय के निकट, तहसील कॉम्प्लेक्स के सामने) आयोजित होगा। इसके बाद शाम 5:30 बजे नारे और बैनरों के साथ मार्च निकाला जाएगा। इस दौरान 26 जुलाई को राष्ट्रीय स्तर पर प्रस्तावित 24 घंटे की भूख हड़ताल के समर्थन की घोषणा भी की जाएगी।
दूसरा प्रदर्शन ‘जालंधर यूथ फॉर जस्टिस’ के बैनर तले शनिवार शाम पांच बजे कंपनी बाग चौक (श्रीराम चौक), जालंधर में आयोजित किया जाएगा। प्रेस बयान के अनुसार, प्रदर्शनकारियों की प्रमुख मांगों में केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेन्द्र प्रधान का इस्तीफा, राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) में व्यापक सुधार, नीट परीक्षा में कथित अनियमितताओं पर संसद में चर्चा, पेपर लीक से जुड़े आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई तथा प्रदर्शनकारी छात्रों पर हुई कथित पुलिस कार्रवाई की जवाबदेही तय करना शामिल है।
श्री दत्ता ने जालंधर के युवाओं से लोकतांत्रिक और शांतिपूर्ण तरीके से अपनी आवाज बुलंद करने का आह्वान करते हुए कहा कि छात्रों के भविष्य और निष्पक्ष परीक्षा प्रणाली की रक्षा के लिए अधिक से अधिक लोगों को इस आंदोलन में शामिल होना चाहिए।
