
इंदौर. एडिशनल चीफ इंजीनियर (एसीई) शिवराम सेमिल के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति मामले में लोकायुक्त की जांच आगे बढ़ने के साथ संपत्तियों का आंकड़ा बढ़कर 17.12 करोड़ रुपए तक पहुंच गया है. पहले चरण की कार्रवाई में सामने आई संपत्तियों के बाद अब जांच एजेंसी ने बैंक खातों, एफडी, निवेश और मुरैना स्थित संपत्तियों से जुड़े दस्तावेजों की पड़ताल शुरू कर दी है.
लोकायुक्त पुलिस की जांच में सेमिल, उनके परिवार और उनसे जुड़ी फर्मों के नाम से संचालित 25 बैंक खातों की जानकारी सामने आई है. इनमें एसबीआई और आईडीबीआई बैंक के खाते शामिल हैं. जांच में सामने आया है कि ये खाते शिवराम सेमिल, उनकी पत्नी रामबेटी, बेटे सौरभ, बहू सुनीता और संबंधित फर्मों के नाम पर संचालित थे. लोकायुक्त सूत्रों ने बताया कि जांच के दौरान शुभम इलेक्ट्रिकल और कॉर्निश पावरजोन से जुड़े छह बैंक खातों का भी पता चला है. इन खातों में करीब 62.89 लाख रुपए जमा पाए गए हैं. इसके अलावा बेटे सौरभ सेमिल के नाम पर कराई गई एफडी की जानकारी भी लोकायुक्त के हाथ लगी है. टीम अब इन खातों में हुए लेनदेन और रकम के स्रोत की जानकारी जुटा रही है. जांच में मुरैना स्थित संपत्तियां भी सामने आई हैं. यहां करीब 50 लाख रुपए कीमत का मकान मिला है, जिसमें रखे घरेलू सामान का मूल्यांकन करीब 7.51 लाख रुपए किया है. इसके अलावा 20 बाय 40 फीट का प्लॉट और करीब सवा बीघा कृषि भूमि होने की जानकारी मिली है. इन संपत्तियों के दस्तावेजों का सत्यापन पंजीयन विभाग से कराया जा रहा है. लोकायुक्त सूत्रों ने यह भी बताया कि सेमिल, उनके परिवार और संबंधित फर्मों के बैंक खातों को फ्रीज करा दिया है. साथ ही आयकर विभाग से परिवार के सदस्यों के रिटर्न की जानकारी मांगी गई है. शेयर बाजार, म्यूचुअल फंड और अन्य निवेश की जानकारी के लिए सेबी को भी पत्र भेजा है.
लोकायुक्त अधिकारी का कहना है कि जांच अभी जारी है, दस्तावेजों और वित्तीय रिकॉर्ड की जांच पूरी होने के बाद संपत्ति के अंतिम मूल्यांकन और आगे की कार्रवाई की स्थिति स्पष्ट होगी.
गौरतलब है कि शिवराम सेमिल को प्रमोशन मिलने के करीब एक सप्ताह बाद लोकायुक्त ने आय से अधिक संपत्ति के मामले में कार्रवाई करते हुए इंदौर, पीथमपुर, धार और मुरैना सहित नौ स्थानों पर छापे मारे थे. शुरुआती जांच में 14.54 करोड़ रुपए की संपत्ति सामने आई थी, जो आगे की पड़ताल में बढ़कर 17.12 करोड़ रुपए हो गई है.
