भाजपा ने केजरीवाल को बताया डिजिटल लुटेरा, सक्सेना से की कानूनी कार्रवाई की मांग

नयी दिल्ली 13 फरवरी (वार्ता) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की दिल्ली प्रदेश इकाई ने प्रदेश के मुख्यमंत्री कार्यालय के आधिकारिक एक्स हैंडल को निजी खाते में तब्दील किये जाने को लेकर आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल पर तीखा प्रहार किया है और उन्हें डिजिटल लुटेरा करार देते हुए उपराज्यपाल वी.के. सक्सेना से इस लूट को रोकने तथा श्री केजरीवाल के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है।

दिल्ली भाजपा के अध्यक्ष वीरेन्द्र सचदेवा ने गुरुवार को कहा कि श्री केजरीवाल ने सरकारी पैसे से बने, बढ़े और पहचान बनाने वाले मुख्यमंत्री कार्यालय के एक्स खाते ”सीएमओदिल्ली” को खुद का निजी एक्स पोस्ट खाता बना लिया है और उसका नाम ”केजरीवालएटवर्क” कर दिया है।

उन्होंने इसकी निंदा करते हुए कहा, ”श्री केजरीवाल 10 साल के शासनकाल में राशन कार्ड से लेकर शीश महल घोटाला, ऑटो परमिट से लेकर शराब घोटाले तक और ना जाने कितने ही घोटाले किये, लेकिन आज जो नई डिजिटल लूट सामने आई है, वह अभूतपूर्व है। शायद ही देश में किसी निवर्तमान सरकार ने ऐसा किया होगा।”

उन्होंने कहा, “यह कहना अतिश्योक्ति नहीं होगी कि श्री केजरीवाल डिजिटल लुटरे भी बन गये हैं।”

भाजपा नेता ने श्री सक्सेना से अपील की है कि वह सरकारी पैसे से बने-बढ़े एक्स पोस्ट हैंडल ”सीएमओदिल्ली” का नाम बदल कर ”केजरीवालएटवर्क” किये जाने को लेकर दिल्ली सरकार के सोशल मीडिया और सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) विभाग से रिपोर्ट मांगें और इस डिजीटल लूट को रोकें।

उन्होंने कहा, ”सीएमओदिल्ली एक्स पोस्ट से लाखों लोग मुख्यमंत्री का पोस्ट मान कर जुड़े थे लेकिन अचानक यह डिजिटल लूट करवा के श्री केजरीवाल ने लोगों की निजी जानकारी भी लूट ली है और इसको लेकर उन पर कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए।”

 

Next Post

पीथमपुर में खड़े यूनियन कार्बाइड के कचरे के कंटेनर अनलोड किए गए

Thu Feb 13 , 2025
इंदौर, 13 फरवरी (वार्ता) यूनियन कार्बाइड के कचरे के निष्पादन को लेकर शासन और प्रशासन पूरी पारदर्शिता बरत रहा है। आधिकारिक जानकारी के अनुसार संभागायुक्त दीपक सिंह ने बताया है कि आज पीथमपुर में यूनियन कार्बाइड के कचरे के कंटेनर सुरक्षा के सभी मापदंडों का पालन करते हुए अनलोड किए […]

You May Like