पेपर लीक से बच्चों का भविष्य दांव पर नौकरी-पढ़ाई से लेकर मतदाता सूची तक अव्यवस्था : कुमारी सैलजा

सिरसा (वार्ता) हरियाणा के सिरसा की सांसद कुमारी सैलजा ने पेपर लीक, रोजगार, शिक्षा, मतदाता सूची, सफाई कर्मचारियों और डिजिटल भुगतान के मुद्दों को लेकर सरकार पर सवाल उठाए। सिरसा अनाज मंडी में रविवार को आयोजित डेरा बाबा भूमणशाह संगर साधा के सत्संग में पहुंचीं कुमारी सैलजा ने कहा कि बाबा ब्रह्मदास महाराज 36 बिरादरी को भक्ति, भाईचारे और सामाजिक एकता का संदेश दे रहे हैं। संत-महापुरुषों की शिक्षाएं समाज को जोड़ने और आपसी सद्भाव मजबूत करने का काम करती हैं।

मीडिया से बातचीत में कुमारी सैलजा ने कहा कि बार-बार पेपर लीक और भर्ती प्रक्रियाओं में गड़बड़ियों की शिकायतों से सबसे ज्यादा नुकसान युवाओं को हो रहा है। मेहनत करने वाले विद्यार्थियों का भविष्य प्रभावित होता है। उन्होंने कहा कि सरकार को युवाओं की पढ़ाई और रोजगार की चिंता करनी चाहिए तथा भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी भी विद्यार्थियों और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं की आवाज उठा रहे हैं।

सांसद सैलजा ने मतदाता सूचियों से नाम हटाए जाने का मुद्दा उठाते हुए कहा कि पात्र मतदाताओं को अपना नाम जुड़वाने के लिए कार्यालयों के चक्कर नहीं काटने पड़ने चाहिए। उन्होंने सफाई कर्मचारियों की मांगों का स्थायी समाधान करने की मांग की। डिजिटल भुगतान के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि नीतियां बनाते समय छोटे व्यापारियों और आम उपभोक्ताओं पर पड़ने वाले आर्थिक प्रभाव का ध्यान रखा जाना चाहिए।

उन्होंने गांव कुत्ताबढ़ पहुंचकर शहीद लांस नायक सुखचैन सिंह के परिजनों से मुलाकात कर श्रद्धांजलि दी। उन्होंने गुरुद्वारा साहब दसवीं पातशाही में बाबा जीवन सिंह के प्रकाश पर्व पर आयोजित समागम में भी माथा टेका।

Next Post

मानसून की वापसी, 25 से 28 सितंबर के दौरान महाराष्ट्र में बारिश के आसार

Mon Sep 21 , 2026
पुणे, (वार्ता) दक्षिण-पश्चिम मानसून की वापसी शुरू हो गयी है। मौसम विभाग (आईएमडी) ने घोषणा की है कि पश्चिमी राजस्थान के कुछ हिस्सों से मानसून का लौटना शुरू हो गया है। इसके साथ ही बंगाल की खाड़ी के ऊपर कम दबाव का क्षेत्र बन गया है, जिसके अगले कुछ दिनों […]

You May Like