सेंट्रल जेल से फरार सीरियल किलर को जेल के ही समीप सूने घर से पकड़ा

ग्वालियर। ग्वालियर में एक सीरियल किलर को लेकर ऐसा घटनाक्रम सामने आया, जिसने पुलिस महकमे को भी हैरान कर दिया. पैरोल खत्म होने के बाद जेल नहीं लौटने वाला कुख्यात आरोपी हनी दुबे गुरुवार को पुलिस के हत्थे चढ़ा, लेकिन कुछ ही देर बाद पुलिस हिरासत से फरार हो गया. उसकी तलाश में पुलिस ने पूरे इलाके में सर्च ऑपरेशन चलाया, लेकिन जिस आरोपी को पुलिस शहरभर में ढूंढ रही थी, वह बहोड़ापुर थाने से महज 100 मीटर दूर एक सूने मकान के चौकीदार कमरे में छिपकर पुलिस की गतिविधियां देख रहा था.

*पुलिस हिरासत से भागा, मच गया हड़कंप*

गुना का कुख्यात सीरियल किलर हनी दुबे आजीवन कारावास की सजा काट रहा है. पैरोल खत्म होने के बाद वह केंद्रीय जेल ग्वालियर वापस नहीं लौटा था. जेल प्रशासन की शिकायत पर बहोड़ापुर थाना पुलिस ने उसे मुखबिर की सूचना के आधार पर गिरफ्तार कर लिया था. लेकिन गिरफ्तारी के कुछ समय बाद ही वह पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया, जिससे पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया.

*जेल ले जाते समय दिया पुलिस को धक्का*

पुलिस के मुताबिक, हनी दुबे को एफआरवी वाहन से केंद्रीय जेल ले जाया जा रहा था. इसी दौरान उसने पुलिसकर्मियों को धक्का दिया और मौके का फायदा उठाकर भाग निकला. आरोपी के फरार होते ही पुलिस की कई टीमें उसकी तलाश में लगा दी गईं. आसपास के इलाकों की घेराबंदी की गई और लगातार तलाश शुरू कर दी गई.

*…लेकिन थाने के पास ही छिपा था आरोपी*

हनी दुबे को पकड़ने के लिए पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही थी और संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही थी. हालांकि किसी को यह अंदाजा नहीं था कि आरोपी बहोड़ापुर थाने से महज 100 मीटर दूर एक बंद पड़े मकान के चौकीदार रूम में छिपा बैठा है. बताया जा रहा है कि वह वहीं से पुलिस की गतिविधियों पर नजर रख रहा था और मौके की तलाश में था.

*बंद मकान का ताला खुलते ही पकड़ा गया*

करीब चार घंटे की तलाश के बाद पुलिस को उस बंद मकान के बारे में जानकारी मिली. जैसे ही मकान का ताला खुलवाया गया, पुलिस ने चारों तरफ से घेराबंदी कर दी और हनी दुबे को दबोच लिया. गिरफ्तारी के बाद उसे कड़ी सुरक्षा के बीच दोबारा बहोड़ापुर थाने लाया गया, जहां उससे पूछताछ की जा रही है.

Next Post

किसान के खेत के कोठे में बंधे गाय के बछड़े का तेंदुए ने किया शिकार 

Thu Jul 23 , 2026
पांढुरना,  ग्राम बडचिचोली निवासी लक्ष्मण पिता पांडुरंग कामडी के खेत में तेंदूए ने गाय के बछड़े का शिकार किया ,प्रतिदिन की तरह आज सुबह जब किसान लक्ष्मण कामडी अपने खेत में पहुचा तो कोठे के बाहर गाय का बछडा मृत अवस्था मे दिखाई देने की सूचना पर वन विभाग के […]

You May Like