इनक्रेड एसेट मैनेजमेंट ने स्वास्थ्य क्षेत्र की सूचीबद्ध कंपनियों में 1,000 करोड़ के निवेश का आंकड़ा पार किया

मुंबई, 23 जुलाई (वार्ता) इनक्रेड एसेट मैनेजमेंट ने स्वास्थ्य क्षेत्र की सूचीबद्ध कंपनियों में 1,000 करोड़ रुपये के निवेश का आंकड़ा पार कर लिया है। कंपनी ने गुरुवार को एक प्रेस विज्ञप्ति में बताया कि उसके इनक्रेड हेल्थकेयर पोर्टफोलियो और इनक्रेड फोकस्ड हेल्थकेयर इक्विटी जैसे उत्पादों के माध्यम से स्वास्थ्य क्षेत्र की सूचीबद्ध कंपनियों में उसका निवेश 1,000 करोड़ रुपये के आंकड़े को पार कर गया है। इसके साथ ही कंपनी देश के सबसे बड़े समर्पित हेल्थकेयर पीएमएस (पोर्टफोलियो मैनेजमेंट सिस्टम) प्रदाताओं में से एक बन गयी है।

इनक्रेड ने एक फरवरी 2021 को हेल्थकेयर पीएमएस पहली बार पेश किया था। इसकी औसत वार्षिक वृद्धि दर अब तक 18.97 प्रतिशत रही है। इनक्रेड एसेट मैनेजमेंट के मुख्य कार्यकारी अधिकारी समीर वोरा ने इस उपलब्धि पर टिप्पणी करते हुए कहा, “सूचीबद्ध हेल्थकेयर कंपनियों में 1,000 करोड़ रुपये के निवेश का आंकड़ा पार करना हमारे लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। यह हमारे निवेशकों द्वारा हमारे निवेश दृष्टिकोण पर जताये गये गए विश्वास का प्रमाण है। स्वास्थ्य क्षेत्र देश की सबसे मजबूत दीर्घकालिक विकास गाथाओं में से एक है, जिसे बढ़ते स्वास्थ्य व्यय, बीमा कवरेज में वृद्धि, डेमोग्राफिक बदलाव, नवाचार और वैश्विक औषधि एवं स्वास्थ्य सेवाओं में देश की बढ़ती भूमिका का समर्थन प्राप्त है।” विज्ञप्ति में कहा गया है कि कंपनी मौलिक शोध, अनुशासित पोर्टफोलियो निर्माण और विशिष्ट सेक्टर-केंद्रित निवेश रणनीति के माध्यम से निवेशकों के लिए दीर्घकालिक संपत्ति सृजन पर फोकस कर रही है।

.....

Next Post

स्पाइसजेट ने डैम्प लीज पर तीन विमान बेड़े में शामिल किये

Thu Jul 23 , 2026
नयी दिल्ली, 23 जुलाई (वार्ता) निजी विमान सेवा कंपनी स्पाइसजेट ने अपने बेड़े में तीन एयरबस ए320 विमान डैम्प लीज पर शामिल करने की घोषणा की है। वित्तीय संकट से जूझ रही विमान सेवा कंपनी ने गुरुवार को बताया कि तीन अतिरिक्त विमान बेड़े में आने से नेटवर्क विस्तार और […]

You May Like