सीधी:मध्यप्रदेश विधानसभा भोपाल में मानसून सत्र-2026 के दौरान सीधी जिले के औद्योगिक विकास, आवंटित भूमि पर प्रगति और नए निवेश की स्थापना को लेकर विधानसभा सीधी विधायक श्रीमती रीति पाठक ने सदन में प्रमुखता से प्रश्न उठाते हुए कहा कि सीधी विधानसभा में औद्योगिक विकास को नई रफ्तार कब मिलेगी।
सीधी विधायक श्रीमती रीति पाठक के प्रश्न का सदन में जानकारी देते हुए मध्यप्रदेश शासन की राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार श्रीमती कृष्णा गौर ने बताया कि ग्राम बरिगवां में 52.810 हेक्टेयर भूमि पर नए औद्योगिक क्षेत्र के विकास की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। साथ ही बाड़ीटोला में ₹11.22 करोड़ की लागत से नवीन औद्योगिक क्षेत्र स्थापित किया जा रहा है। एमएसएमई इकाइयों के लिए अधोसंरचना विकास 2 वर्ष तथा बड़े उद्योगों के लिए 3 वर्ष की समय-सीमा में पूर्ण कर लिया जाएगा।
सीधी विधायक श्रीमती पाठक ने कहा कि सीधी विधानसभा में नए उद्योगों की स्थापना, हमारे स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसरों का सृजन और क्षेत्र के समग्र औद्योगिक विकास के लिए मेरा प्रयास निरंतर जारी है। मुझे पूर्ण विश्वास है कि मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव के नेतृत्व में सीधी के विकास को एक नई दिशा और नई गति मिलेगी।
