
सिंगरौली। देवसर विधानसभा क्षेत्र के सरई के लिए बड़ी सौगात मिली है। राज्य शासन ने यहां 100 बिस्तरीय अस्पताल के निर्माण के लिए 26 करोड़ 39 लाख रुपये की स्वीकृति प्रदान की है।
इस निर्णय से क्षेत्र के हजारों लोगों को बेहतर, सुलभ और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध हो सकेंगी। स्वीकृत राशि में अस्पताल भवन निर्माण के लिए 25 करोड़ 53 लाख रुपये, आधुनिक चिकित्सा उपकरणों की खरीद के लिए 60 लाख रुपये तथा फर्नीचर की व्यवस्था के लिए 25 लाख रुपये शामिल हैं। अस्पताल की स्वीकृति मिलने पर देवसर विधायक राजेंद्र मेश्राम ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री राजेन्द्र शुक्ल के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह निर्णय क्षेत्र के लोगों के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि लंबे समय से सरई क्षेत्र में बड़े अस्पताल की आवश्यकता महसूस की जा रही थी, जिसे अब सरकार ने पूरा किया है। विधायक ने विश्वास जताया कि 100 बिस्तरीय अस्पताल बनने से गंभीर मरीजों को स्थानीय स्तर पर बेहतर उपचार मिलेगा और उन्हें इलाज के लिए दूर-दराज के शहरों की ओर नहीं जाना पड़ेगा। यह परियोजना क्षेत्र की स्वास्थ्य सेवाओं को नई दिशा देने के साथ-साथ आम नागरिकों के लिए बड़ी राहत साबित होगी।
