युवाशक्ति के लिए देश और दुनिया में नए अवसर पैदा करने का निरंतर प्रयास कर रही है सरकार: मोदी

युवाशक्ति के लिए देश और दुनिया में नए अवसर पैदा करने का निरंतर प्रयास कर रही है सरकार: मोदी

नयी दिल्ली 24 जनवरी (वार्ता) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भारत को दुनिया के सबसे युवा देशों में से एक बताते हुए कहा है कि सरकार देश की युवाशक्ति के लिए देश-दुनिया में नए-नए अवसर पैदा करने की दिशा में निरंतर प्रयास कर रही है। श्री मोदी ने शनिवार को यहां वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से 18वें रोजगार मेले को संबोधित किया और 61 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी विभागों में नियुक्ति पत्र सौंपे।

प्रधानमंत्री ने कहा कि वर्ष 2026 की शुरुआत लोगों के जीवन में नई खुशियां लेकर आई और साथ ही नागरिकों को उनके संवैधानिक कर्तव्यों से भी जोड़ा है। उन्होंने 23 जनवरी को पराक्रम दिवस, 25 जनवरी को राष्ट्रीय मतदाता दिवस और 26 जनवरी को गणतंत्र दिवस का उल्लेख करते हुए कहा कि आज का दिन इसलिए भी विशेष है क्योंकि इसी दिन संविधान ने ‘जन गण मन’ को राष्ट्रगान और ‘वंदे मातरम’ को राष्ट्रगीत के रूप में अपनाया था। उन्होंने जोर देकर कहा कि इस महत्वपूर्ण दिन पर 61 हजार से अधिक युवा सरकारी सेवाओं के लिए नियुक्ति पत्र प्राप्त कर जीवन का नया अध्याय शुरू कर रहे हैं।

श्री मोदी ने इन नियुक्ति पत्रों को राष्ट्र निर्माण का निमंत्रण और विकसित भारत के निर्माण में तेजी लाने का संकल्प बताया। उन्होंने कहा कि अनेक युवा राष्ट्रीय सुरक्षा को मजबूत करेंगे, शिक्षा और स्वास्थ्य सेवा व्यवस्था को सशक्त बनाएंगे, वित्तीय सेवाओं और ऊर्जा सुरक्षा को सुदृढ़ करेंगे और सार्वजनिक क्षेत्र के उद्यमों के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। प्रधानमंत्री ने जोर देकर कहा कि युवाओं को कौशल से जोड़ना और उन्हें रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसर प्रदान करना सरकार की प्राथमिकता रही है। उन्होंने कहा कि सरकारी भर्तियों को मिशन मोड में लाने के लिए रोजगार मेला शुरू किया गया था, जो वर्षों से एक संस्था बन चुका है। इस पहल के माध्यम से लाखों युवाओं को विभिन्न सरकारी विभागों में नियुक्ति पत्र प्राप्त हुए हैं।

श्री मोदी ने कहा, “भारत आज विश्व के सबसे युवा देशों में से एक है, और सरकार घरेलू और वैश्विक स्तर पर युवाओं के लिए नए अवसर पैदा करने के लिए लगातार प्रयासरत है।” उन्होंने बताया कि सरकार कई देशों के साथ व्यापार और आवागमन संबंधी समझौते कर रही है, जिससे युवा भारतीयों के लिए अनगिनत नए अवसर खुल रहे हैं।

प्रधानमंत्री ने कहा कि हाल के समय में भारत ने आधुनिक अवसंरचना में अभूतपूर्व निवेश किया है, जिससे निर्माण संबंधी क्षेत्रों में रोजगार में वृद्धि हुई है। उन्होंने कहा कि भारत का स्टार्टअप इकोसिस्टम तेजी से विस्तार कर रहा है, जिसमें लगभग दो लाख पंजीकृत स्टार्टअप इक्कीस लाख से अधिक युवाओं को रोजगार दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि डिजिटल इंडिया ने एक नई अर्थव्यवस्था को जन्म दिया है और भारत एनिमेशन, डिजिटल मीडिया तथा कई अन्य क्षेत्रों में वैश्विक केंद्र के रूप में उभर रहा है। उन्होंने कहा कि भारत की रचनात्मक अर्थव्यवस्था तेजी से बढ़ रही है, जिससे युवाओं को नए अवसर मिल रहे हैं।

श्री मोदी ने कहा कि भारत पर बढ़ता वैश्विक विश्वास युवाओं के लिए नए अवसर पैदा कर रहा है। उन्होंने कहा कि भारत विश्व की एकमात्र ऐसी प्रमुख अर्थव्यवस्था है जिसने एक दशक में अपनी जीडीपी दोगुनी कर ली है और आज सौ से अधिक देश प्रत्यक्ष विदेशी निवेश के माध्यम से भारत में निवेश कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि 2014 से पहले के दशक की तुलना में भारत को ढाई गुना से अधिक प्रत्यक्ष विदेशी निवेश प्राप्त हुआ है और अधिक विदेशी निवेश का अर्थ है भारत के युवाओं के लिए अधिक रोजगार के अवसर।

प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत एक प्रमुख विनिर्माण शक्ति के रूप में उभर रहा है, जिसमें इलेक्ट्रॉनिक्स, फार्मास्यूटिकल , वैक्सीन, रक्षा और ऑटोमोबाइल जैसे क्षेत्रों में उत्पादन और निर्यात में अभूतपूर्व वृद्धि हो रही है।

श्री मोदी ने कहा कि इसी कार्यक्रम में 8,000 से अधिक बेटियों को नियुक्ति पत्र मिले हैं और पिछले 11 वर्षों में कार्यबल में महिलाओं की भागीदारी लगभग दोगुनी हो गई है। उन्होंने कहा कि मुद्रा और स्टार्टअप इंडिया जैसी योजनाओं से महिलाओं को काफी लाभ हुआ है और महिला स्वरोजगार में लगभग 15 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। प्रधानमंत्री ने कहा कि आज बड़ी संख्या में महिलाएं स्टार्टअप के साथ-साथ लघु एवं मध्यम उद्यमों में निदेशक और संस्थापक हैं, जबकि कई महिलाएं गांवों में सहकारी क्षेत्रों और स्वयं सहायता समूहों का नेतृत्व कर रही हैं।

प्रधानमंत्री ने कहा, “आज देश ने जीवन और व्यापार दोनों को आसान बनाने के उद्देश्य से सुधार की रफ्तार पकड़ ली है।” उन्होंने कहा कि जीएसटी में किए गए अगली पीढ़ी के सुधारों से युवा उद्यमियों और लघु एवं मध्यम उद्यमों को लाभ हुआ है, वहीं ऐतिहासिक श्रम सुधारों ने श्रमिकों और कर्मचारियों के लिए सामाजिक सुरक्षा को मजबूत किया है।

श्री मोदी ने नव नियुक्त युवाओं से सरकारी कार्यालयों और प्रक्रियाओं के साथ अपने पिछले अनुभवों पर विचार करने, उन्हें जिन कठिनाइयों का सामना करना पड़ा, उन्हें याद करने और यह संकल्प लेने का आग्रह किया कि वे अपने कार्यकाल के दौरान नागरिकों को ऐसी कठिनाइयों का सामना न करने दें। उन्होंने कहा कि सरकार के हिस्से के रूप में, उन्हें जन कल्याण को अधिकतम करने के लिए अपने स्तर पर छोटे-छोटे सुधार करने होंगे। उन्होंने कहा कि नीतिगत सुधारों के अलावा, सरकारी कर्मचारियों की ईमानदारी से जीवन और व्यापार में सुगमता बढ़ती है। उन्होंने कहा कि तेजी से बदलती प्रौद्योगिकी के इस युग में, राष्ट्र की आवश्यकताएं और प्राथमिकताएं भी तेजी से बदल रही हैं। ऐसे में उन्हें निरंतर स्वयं को अद्यतन करना होगा।

इस कार्यक्रम में अन्य गणमान्य व्यक्तियों के साथ केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह भी उपस्थित थे।

Next Post

बंगाल में बेटियों को जीवन के हर पड़ाव पर सशक्त किया जा रहा है: ममता

Sat Jan 24 , 2026
नयी दिल्ली, 24 जनवरी (वार्ता) पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने महिलाओं और बालिकाओं के सशक्तिकरण के प्रति अपनी सरकार की प्रतिबद्धता दोहराते हुए कहा कि बंगाल में बेटियों को सिर्फ एक दिन नहीं, बल्कि उनके जीवन के हर चरण में सहयोग और सम्मान दिया जाता है। राष्ट्रीय बालिका […]

You May Like