सोनभद्र, 22 जुलाई (वार्ता) उत्तर प्रदेश के सोनभद्र जिले के चोपन थाना क्षेत्र में बुधवार शाम आकाशीय बिजली गिरने से दो लोगों की मौत हो गई, जबकि एक किशोरी झुलस गई। घटना में दो बकरियों की भी मौत हो गई।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, चोपन थाना क्षेत्र की ग्राम पंचायत कोटा के टोला गुरमुरा घसिया बस्ती में स्थित एक पीपल के पेड़ के समीप बने राम भरोस के आवास पर बुधवार शाम अचानक आकाशीय बिजली गिर गई। हादसे के समय घर में मौजूद राजेश कुमार (35) पुत्र हरीवंश तथा नैपाल (34) पुत्र बसंत इसकी चपेट में आ गए और दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के दौरान पास ही अपने घर के ओसारे में बैठी रेशमी (16) पुत्री राजकुमार भी आकाशीय बिजली की चपेट में आकर मामूली रूप से झुलस गई। वहीं पास में बंधी दो बकरियों की भी बिजली गिरने से मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही चोपन थाना पुलिस, एंबुलेंस और राजस्व विभाग की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।
मौके पर क्षेत्रीय लेखपाल संदीप दत्ता, ग्राम प्रधान प्रहलाद चेरो, राजस्व विभाग की टीम तथा चोपन थाना के उपनिरीक्षक विनोद यादव पुलिस बल के साथ मौजूद रहे। राजस्व विभाग द्वारा आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
