
छतरपुर। चंदला क्षेत्र में एक कथित यूट्यूबर पर मानसिक रूप से अस्वस्थ और दृष्टिहीन व्यक्ति को कथित तौर पर धोखे से चिकन खिलाने तथा उसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने का आरोप लगा है। घटना के सामने आने के बाद स्थानीय लोगों और विभिन्न सामाजिक संगठनों में नाराजगी देखी जा रही है।
शिकायत के अनुसार, भवानीपुर निवासी तुलसीदास द्विवेदी मानसिक रूप से अस्वस्थ हैं और दोनों आंखों से दृष्टिहीन हैं। आरोप है कि उनकी स्थिति का फायदा उठाते हुए उन्हें शाकाहारी भोजन बताकर चिकन खिलाया गया और पूरी घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर अपलोड कर दिया गया। वीडियो वायरल होने के बाद लोगों ने इसे धार्मिक भावनाओं को आहत करने वाला कृत्य बताया।
घटना के विरोध में स्थानीय नागरिक और विभिन्न संगठनों के लोग चंदला थाने पहुंचे और पुलिस को लिखित आवेदन सौंपा। उन्होंने आरोपी के खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई करने, वायरल वीडियो को सोशल मीडिया से हटवाने तथा मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। समाचार लिखे जाने तक पुलिस की ओर से मामले में आगे की कार्रवाई की जानकारी सामने नहीं आई थी।
