
भोपाल। अशोकनगर जिले के ईसागढ़ क्षेत्र में स्थित आनंदपुर धाम ट्रस्ट को लेकर गंभीर आरोप सामने आए हैं। ट्रस्ट के पूर्व सदस्य एवं प्रदेश कांग्रेस अनुसूचित जाति विभाग के अध्यक्ष प्रदीप अहिरवार ने मध्यप्रदेश के पुलिस महानिदेशक (DGP) को पत्र लिखकर ट्रस्ट की गतिविधियों की उच्चस्तरीय और निष्पक्ष जांच की मांग की है।
अपने पत्र में अहिरवार ने आरोप लगाया है कि आनंदपुर धाम में लंबे समय से आपराधिक और असंवैधानिक गतिविधियां संचालित हो रही हैं, लेकिन बार-बार शिकायतों के बावजूद कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। उन्होंने दावा किया कि ट्रस्ट परिसर में नगर प्रशासन की अनुमति के बिना बड़े-बड़े गुप्त तहखानों का निर्माण किया गया है, जिनका उपयोग अवैध गतिविधियों के लिए किए जाने की आशंका है।
पत्र में युवक-युवतियों के साथ शारीरिक व मानसिक शोषण, तथा दलित, आदिवासी और पिछड़े वर्ग के लोगों की जमीनों पर अवैध कब्जे और अनैतिक खरीद-फरोख्त के आरोप भी लगाए गए हैं। अहिरवार ने कहा कि इन मामलों से जुड़े पीड़ितों के बयान, वीडियो साक्ष्य और दस्तावेज उपलब्ध हैं, इसके बावजूद स्थानीय पुलिस की भूमिका पर सवाल उठते हैं।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि कुछ लोगों को बिना कानूनी प्रक्रिया के पंजाब, कर्नाटक सहित अन्य राज्यों में भेजा गया, जिससे मानव तस्करी की आशंका पैदा होती है। मामले में कथित प्रशासनिक संरक्षण का उल्लेख करते हुए उन्होंने विशेष जांच दल (SIT) गठित कर निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है।
