डीएसपी एवं जिला कार्यक्रम अधिकारी ने किया बालिका गृह का निरीक्षण

सारनी। ग्राम भारती महिला मंडल द्वारा संचालित बालिका गृह का डी एस पी एवं महिला एवं बाल विकास विभाग के जिला कार्यक्रम अधिकारी ने निरीक्षण किया.इस मौके पर जिला बाल संरक्षण इकाई के अधिकारी विनोद इवने मौजूद रहे.निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने बालिका गृह की व्यवस्थाओं का अवलोकन करते हुए बालिकाओं से आत्मीय संवाद किया तथा उनकी शिक्षा, स्वास्थ्य, सुरक्षा एवं दैनिक दिनचर्या से संबंधित जानकारी प्राप्त की। कार्यक्रम अधिकारी बृजेश वर्मा ने बालिकाओं से

व्यक्तिगत रूप से चर्चा करते हुए उनके रहन-सहन, अध्ययन, भोजन, स्वास्थ्य सेवाओं एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने बालिकाओं का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें मन लगाकर पढ़ाई करने तथा अपने उज्ज्वल भविष्य के लिए निरंतर प्रयासरत रहने की प्रेरणा दी। साथ ही बालिका गृह में उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं एवं व्यवस्थाओं का भी अवलोकन किया। पुलिस अधीक्षक कार्यालय बैतूल से डीएसपी श्रीमती शैफा हाशमी ने भी बालिका गृह का भ्रमण किया। उन्होंने बालिकाओं से बेहद संवेदनशील एवं आत्मीय वातावरण में बातचीत करते हुए उनकी समस्याओं और आवश्यकताओं के बारे में जानकारी ली। डीएसपी ने बालिकाओं से पूछा कि उन्हें किसी प्रकार की परेशानी, दबाव या असुविधा तो नहीं है, भोजन की गुणवत्ता कैसी है, वे नियमित रूप से विद्यालय जा रही हैं या नहीं तथा यदि भविष्य में किसी भी प्रकार की समस्या उत्पन्न हो तो वे बिना किसी संकोच के सीधे पुलिस प्रशासन से संपर्क कर सकती हैं। निरीक्षण के दौरान डीएसपी शैफा हाशमी ने बालिका गृह की सुरक्षा व्यवस्थाओं का भी बारीकी से जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को बालिकाओं की सुरक्षा, संरक्षण एवं बेहतर देखभाल सुनिश्चित करने के आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बालिकाओं को सुरक्षित, सम्मानजनक एवं पारिवारिक वातावरण उपलब्ध कराना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।इस अवसर पर संस्था की अध्यक्ष श्रीमती भारती अग्रवाल,बालिका गृह की अधीक्षिका श्रीमती सरला अनेराव, काउंसलर एकता नागेश, प्रतिभा डोंगरे, संध्या नागले सहित बालिका गृह का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा।

Next Post

पवार मिले मोदी से, अटकलों का बाजार फिर गर्म

Wed Jul 22 , 2026
नयी दिल्ली, 22 जुलाई (वार्ता) राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरद) के अध्यक्ष एवं राज्य सभा सदस्य शरद पवार ने बुधवार को यहां प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से मुलाकात की । इस दौरान श्री पवार के साथ उनकी पुत्री एवं सांसद सुप्रिया सुले भी थीं। संसद भवन स्थित प्रधानमंत्री कार्यालय में सुबह हुई […]

You May Like