
आलीराजपुर । गौमाता को राष्ट्रमाता घोषित करने सहित गौ संरक्षण एवं गौसंवर्धन से जुड़ी विभिन्न मांगों को लेकर सोमवार को आलीराजपुर नगर में भव्य गौ सम्मान आव्हान यात्रा निकाली गई। यात्रा में जिलेभर से हजारों गौभक्त, महिला-पुरुष, युवक, युवतियां एवं बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। पूरे नगर में भगवा ध्वज, भजन-कीर्तन और गौमाता के जयघोष से धार्मिक एवं राष्ट्रभक्ति का वातावरण दिखाई दिया। गौ सम्मान यात्रा राजवाड़ा से प्रारंभ होकर झंडा चैक, रामदेव मंदिर, दाहोद नाका होते हुए कलेक्टर कार्यालय पहुंची। यात्रा में श्रद्धालु हाथों में भगवा ध्वज एवं गौ संरक्षण से संबंधित संदेश लिखी तख्तियां लेकर चल रहे थे। गौमाता को राष्ट्रमाता का दर्जा दो, गौहत्या बंद करो, गौ रक्षा-राष्ट्र रक्षा, गौ बचाओ-देश बचाओ तथा गौ तस्करी बंद करो जैसे नारों से पूरा नगर गूंज उठा। नगरवासियों ने भी कई स्थानों पर यात्रा का स्वागत कर गौभक्तों का उत्साहवर्धन किया।
यात्रा की विशेष पहचान अनुशासित एवं एकरूप वेशभूषा रही। पुरुष श्रद्धालु सफेद कुर्ता-पायजामा पहनकर तथा मातृशक्ति पीली साड़ी धारण कर यात्रा में शामिल हुईं। महिलाओं, युवाओं और बच्चों ने भी हाथों में तख्तियां लेकर गौ संरक्षण का संदेश दिया। भजन मंडलियों द्वारा संकीर्तन एवं गौ महिमा के भजनों ने पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया। मीडिया प्रभारी कृष्णकान्त बेड़िया एवं संजय गेहलोद ने बताया कि यह अभियान देशभर की लगभग 5,000 तहसीलों में एक साथ आयोजित किया गया। अभियान का उद्देश्य गौमाता को राष्ट्रमाता घोषित करना, गौहत्या पर पूर्ण प्रतिबंध लगाना, गौ तस्करी पर प्रभावी रोक लगाना, प्रत्येक ग्राम पंचायत में गौशाला की स्थापना, गौबर एवं गौमूत्र पर अनुसंधान को बढ़ावा देना तथा प्रत्येक तहसील में गौ एम्बुलेंस एवं गौ चिकित्सालय की व्यवस्था सुनिश्चित करना है।
कलेक्टर कार्यालय पहुंचने पर कलेक्टर महोदया के उपलब्ध नहीं होने के कारण प्रतिनिधिमंडल ने राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, राज्यपाल एवं मुख्यमंत्री के नाम संबोधित प्रार्थना-पत्र एसडीएम निधी मिश्रा को सौंपा। प्रतिनिधिमंडल ने गौ संरक्षण से संबंधित विभिन्न मांगों पर शासन का ध्यान आकर्षित करते हुए शीघ्र आवश्यक कदम उठाने की मांग की। इस अवसर पर जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए हजारों गौभक्त उपस्थित रहे। सभी ने गौमाता के सम्मान, संरक्षण एवं संवर्धन के लिए एकजुट होकर जनजागरण का संकल्प लिया। यात्रा के दौरान पुलिस एवं प्रशासन की व्यवस्था सुचारु रही तथा पूरा आयोजन शांतिपूर्ण एवं अनुशासित वातावरण में संपन्न हुआ। ज्ञापन देते समय अभियान प्रभारी ज्ञानेन्द्र चावड़ा ने बताया कि अभियान का अगला चरण 27 अक्टूबर को भोपाल में होगा। आभार मदनलाल माहेश्वरी , राजेन्द्र टवली जोबट एवं महेन्द्र टवली व सुनिल राठौड़ ने माना। ज्ञापन का वाचन सुरेश माहेश्वरी ने किया। अंत में आयोजकों ने यात्रा को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी समाजजनों, मातृशक्ति, युवाओं, भजन मंडलियों, प्रशासन, पुलिस एवं जिलेभर से पधारे गौभक्तों का आभार व्यक्त किया तथा गौ सेवा और गौ संरक्षण के इस अभियान को निरंतर आगे बढ़ाने का संकल्प दोहराया।कार्यक्रम का संचालन गोविंद जोशी, रामनारायण माली व श्रीराम गौशाला के अध्यक्ष भूपेंद्र माली ने किया, मातृशक्ति का नेतत्त्व नीलम गेहलोद, सुनीता गोराना, प्रीति मंत्री, सुरभि जेन, मोनिका राठौड़, मन्दाकिनी भाटिया सहित अन्य महिलाओ ने किया
