पवार मिले मोदी से, अटकलों का बाजार फिर गर्म

नयी दिल्ली, 22 जुलाई (वार्ता) राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरद) के अध्यक्ष एवं राज्य सभा सदस्य शरद पवार ने बुधवार को यहां प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से मुलाकात की । इस दौरान श्री पवार के साथ उनकी पुत्री एवं सांसद सुप्रिया सुले भी थीं।

संसद भवन स्थित प्रधानमंत्री कार्यालय में सुबह हुई इस मुलाकात में श्री पवार ने प्रधानमंत्री काे एक पत्र सौंपा लेकिन इसका ब्यौरा नहीं मिल सका है।

श्री पवार और सुश्री सुले की प्रधानमंत्री से मुलाकात ऐसे समय हुई जबकि संसद के मानसून सत्र में दोनों सदनों में गतिरोध बना हुआ है। विपक्ष नीट परीक्षा प्रश्न-पत्र लीक, शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग तथा दिल्ली में प्रदर्शनकारी छात्रों के विरुद्ध पुलिस की कार्रवाई के खिलाफ संसद के दोनों सदनों में तीन दिन से लगातार हंगामा कर रहा है। श्री पवार नीट प्रश्न पत्र लीक मामले को लेकर दिल्ली में जंतर मंतर पर धरना प्रदर्शन कर रहे कॉकरोच जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं से मंगलवार को मिलने गये थे।

इस मुलाकात के बाद राजनीतिक हलकों में यह कयास तेज हो गये है कि श्री पवार की पार्टी राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के करीब आ रही है। उनकी पार्टी के कुछ नेता पिछले दिनों महाराष्ट्र में उप मुख्यमंत्री और शिवसेना नेता एकनाथ शिंदे से मिल चुके हैं। उस समय भी ये अटकलें लगायी जाने लगी थीं कि राकांपा (शरद) राजग के साथ आ सकती है।

श्री पवार की पार्टी इस बात का भी संकेत दे चुकी है कि वह मानसून सत्र के दौरान परिसीमन विधेयक आने पर उसका समर्थन कर सकती है।पिछले सत्र में उनकी पार्टी ने इस विधेयक का विरोध किया था।

Next Post

इटरनल का मुनाफा 268 प्रतिशत बढ़कर 92 करोड़ पर

Wed Jul 22 , 2026
मुंबई, 22 जुलाई (वार्ता) फूड डिलिवरी प्लेटफॉर्म जोमौटो की प्रवर्तक कंपनी इटरनल को चालू वित्त वर्ष की पहली तिमाही में समेकित आधार पर 92 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ हुआ है जो पिछले वित्त वर्ष की समान तिमाही के मुकाबले 268 प्रतिशत अधिक है। कंपनी ने बुधवार को निदेशक मंडल […]

You May Like