
मुंबई, 22 जुलाई (वार्ता) फूड डिलिवरी प्लेटफॉर्म जोमौटो की प्रवर्तक कंपनी इटरनल को चालू वित्त वर्ष की पहली तिमाही में समेकित आधार पर 92 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ हुआ है जो पिछले वित्त वर्ष की समान तिमाही के मुकाबले 268 प्रतिशत अधिक है।
कंपनी ने बुधवार को निदेशक मंडल की बैठक के बाद वित्तीय परिणामों की घोषणा की। उसने बताया कि तिमाही के दौरान समायोजित राजस्व भी सालाना 173 प्रतिशत बढ़कर 20,648 करोड़ रुपये पर पहुंच गया।
अप्रैल-जून 2026 की अवधि में सीधे ग्राहकों से मिले ऑर्डर का शुद्ध मूल्य (एनओवी) 54 प्रतिशत बढ़कर 31,120 करोड़ रुपये हो गया। वहीं, समायोजित परिचालन लाभ 555 करोड़ रुपये हो गया जो सालाना आधार पर 223 प्रतिशत की वृद्धि दिखाता है।
कंपनी के क्विक कॉमर्स कारोबार का एनओवी 86 प्रतिशत बढ़कर 17,132 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। समायोजित परिचालन लाभ लगातार पांचवें साल बढ़ते हुए एनओवी के 0.6 प्रतिशत पर पहुंच गया।
फूड डिलिवरी कारोबार का एनओवी 20 प्रतिशत की सालाना वृद्धि के साथ 10,769 करोड़ रुपये हो गया।
