भोपाल: मध्यप्रदेश विधानसभा के मानसून सत्र के तीसरे दिन कांग्रेस विधायकों ने राहुल गांधी के साथ दिल्ली पुलिस की कथित बर्बरता और छात्रों पर हुए लाठीचार्ज के विरोध में विधानसभा परिसर में प्रदर्शन किया। नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार समेत कांग्रेस विधायक काली पट्टी बांधकर सदन पहुंचे और विरोध दर्ज कराया।नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने कहा कि दिल्ली में अपने भविष्य के लिए संघर्ष कर रहे छात्रों पर लाठीचार्ज किया गया, जो लोकतांत्रिक अधिकारों का दमन है। उन्होंने आरोप लगाया कि विधानसभा में इस मुद्दे पर चर्चा की मांग की गई, लेकिन सरकार ने इससे बचने का प्रयास किया।
सिंघार ने कहा कि NEET पेपर लीक, भर्ती घोटाले, बढ़ती बेरोज़गारी और छात्रों पर अत्याचार भाजपा सरकार की युवा नीति का प्रतीक बन गए हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश और देश का युवा जवाब मांग रहा है, जबकि सरकार संवेदनशील मुद्दों पर जवाब देने के बजाय अहंकार का परिचय दे रही है।
कांग्रेस ने छात्रों के मुद्दों और राहुल गांधी के समर्थन में अपना विरोध जारी रखने का संकेत भी दिया।
