प्रधानमंत्री आवास के पास NEET पेपर लीक मामले को लेकर प्रदर्शन के दौरान हिरासत में ली गईं प्रियंका गांधी से मिलने मंदिर मार्ग थाना पहुंचीं सोनिया गांधी।
कांग्रेस नेता सोनिया गांधी मंगलवार को नई दिल्ली के मंदिर मार्ग थाने पहुंचीं, जहां कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा को पुलिस हिरासत में रखा गया था। थाने पहुंचकर सोनिया गांधी ने प्रियंका गांधी से मुलाकात की। इस दौरान मंदिर मार्ग थाने के बाहर बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे और लगातार नारेबाजी करते रहे।
प्रियंका गांधी से मुलाकात के बाद सोनिया गांधी वहां से रवाना हो गईं। हालांकि उन्होंने इस दौरान मीडिया से कोई बातचीत नहीं की। NEET पेपर लीक मामले से जुड़े विरोध-प्रदर्शन के बीच यह सोनिया गांधी की पहली सक्रिय मौजूदगी मानी जा रही है।
इससे पहले मंगलवार दोपहर लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और प्रियंका गांधी वाड्रा NEET पेपर लीक मामले को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आधिकारिक आवास के निकट वीवीआईपी क्षेत्र में प्रदर्शन करने पहुंचे। अचानक हुए इस विरोध-प्रदर्शन के बाद दिल्ली पुलिस और प्रशासन तुरंत सक्रिय हो गया।
