पुलिस महानिदेशक ने राज्य के पुलिस कर्मचारियों को लिखा पत्र

भोपाल, 02 जनवरी (वार्ता) मध्यप्रदेश के पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाणा ने राज्य के पुलिस अधिकारियों कर्मचारियों को नए वर्ष 2025 की शुभकामनाएं प्रेषित करते हुए उन्हें पत्र लिखा है। उन्होंने पुलिस के समक्ष अनुशासन को सबसे अधिक महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि यह विभाग की कार्रवाई में परिलक्षित होना चाहिए।
श्री मकवाणा ने इस पत्र में कहा कि वर्ष 2024 मध्यप्रदेश पुलिस के लिए चुनौतीपूर्ण रहा है, लेकिन कई उल्लेखनीय उपलब्धियाँ भी हासिल की गईं। पुलिस ने लोकसभा चुनाव निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उन्होंने लिखा है कि ‘यूनिफार्म सेवा’ में अनुशासन अत्यंत महत्वपूर्ण है। विभाग की कार्रवाई में यह परिलक्षित होना चाहिए कि कानून सर्वोपरि है।
उन्होंने अंग्रेजी की एक कहावत “प्रवेंशन इस बेटर देन क्योर” का जिक्र करते हुए कहा कि समय पर उचित प्रतिबंधात्मक उपाय किए जाएं। नवीन कानूनों के प्रावधानों का पालन कराया जाए। अपराध एवं कानून-व्यवस्था नियंत्रण में रहे, इसके लिए अपनी कार्यप्रणाली तथा व्यावसायिक दक्षता में और सुधार लाने के लिए सुनियोजित तरीके से निरंतर प्रयास करने होंगे। उन्होंने कहा कि “बेसिक पुलिसिंग” के साथ ही नवीन तकनीकी का भी उपयोग किया जाए।
पुलिस महानिदेशक ने कहा कि बढ़ते सायबर अपराध, नशा और यातायात दुर्घटना गंभीर चुनौती बन चुके हैं। इन पर नियंत्रण के लिए एक ओर जहाँ पुलिस की सक्रियता जरूरी है, वहीं आमजन को इनसे बचाव के लिए जागरुकता अभियान भी निरंतर जारी रखने की आवश्यकता है। पुलिस थाना, विभाग की मूलभूत इकाई है, जहाँ बड़ी संख्या में आमजनों का दिन-प्रतिदिन पुलिस से सम्पर्क होता है। थाना स्टाफ द्वारा उत्तम चरित्र और आचरण का प्रदर्शन, पीड़ितों एवं आवेदकों के प्रति संवेदनशील व्यवहार एवं त्वरित कार्यवाही की उनकी (पुलिस महानिदेशक की) अपेक्षा है। महिलाओं एवं बच्चों के प्रति भी संवेदनशीलता बरतते हुए उनके विरुद्ध घटित अपराधों में तत्काल कड़ी कार्रवाई की जाना चाहिए।
श्री मकवाणा ने कहा कि मुख्यमंत्री पुलिसकर्मियों के कल्याण के प्रति संकल्पित हैं। विभाग के समस्त पुलिस अधिकारियों, पुलिसकर्मियों के स्वास्थ्य और फिटनेस बनाए रखने के लिए योग, ध्यान के कार्यकम चलाए जाने की योजना है। पुलिस तंत्र सक्षम है, अतः उन्हें पूर्ण विश्वास है कि सभी के समन्वित प्रयासों और अथक परिश्रम से प्रदेश की आमजनता को सुरक्षित एवं शांतिपूर्ण वातावरण प्रदान करने में पुलिस सफल रहेगी। उन्होंने सभी अधिकारियों कर्मचारियों को सपरिवार नए वर्ष की शुभकामनाएं दी हैं।

Next Post

शत-प्रतिशत जनसंतुष्टि ही सरकार का मूल ध्येय - यादव

Thu Jan 2 , 2025
भोपाल, 02 जनवरी (वार्ता) मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने आज कहा कि सुशासन के जरिए लोक कल्याण ही सरकार का मूल ध्येय है। राज्य सरकार यह सुनिश्चित करेगी कि हमारे प्रयासों का अधिकतम लाभ जनता को ही मिले। राज्य सरकार इसी दिशा में आगे बढ़ रही है। डॉ […]

You May Like