भोपाल: जनवरी से जून 2025 के बीच हुए ग्राहक संतुष्टि सर्वेक्षण में भोपाल का राजा भोज और खजुराहो के एयरपोर्ट ने देश भर में पहला स्थान प्राप्त किया है। इनके साथ राजस्थान का उदयपुर एयरपोर्ट भी टॉप पर रहा। भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण द्वारा जनवरी से जून 2025 के बीच कराए गए ग्राहक संतुष्टि सर्वेक्षण में भोपाल, खजुराहो और उदयपुर हवाई अड्डों ने देश भर के सभी 62 एयरपोर्ट्स को पीछे छोड़ते हुए पहला स्थान प्राप्त किया है।
इन तीनों को यात्रियों से मिले फीडबैक के आधार पर 5 में से पूरे 5 अंक मिले हैं। भोपाल का राजा भोज एयरपोर्ट लगातार दूसरी बार यह उपलब्धि हासिल करने में सफल रहा है। इससे पहले 2023 में भी इसे पहला स्थान मिला था। खजुराहो एयरपोर्ट ने भी इस बार उत्कृष्ट सेवाओं और सुविधाओं के चलते शीर्ष स्थान पाया। यह सर्वे 30 से अधिक बिंदुओं पर यात्रियों से फीडबैक लेकर किया गया था। इस उपलब्धि से मध्य प्रदेश के इन एयरपोर्ट्स की गुणवत्तापूर्ण सेवाओं की पुष्टि होती है और यह प्रदेश के लिए गौरव का विषय है।
