
सिंगरौली। सरई थाना क्षेत्र के निवास चौकी अंतर्गत 14 जुलाई को हुए सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल एक युवक की उपचार के दौरान मौत हो गई। हादसे में तेज रफ्तार प्रिया ट्रैवल्स की बस ने बाइक सवार दो युवकों को जोरदार टक्कर मार दी थी, जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए थे। प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को बेहतर इलाज के लिए जबलपुर रेफर किया गया था।
इलाज के दौरान सोमवार को गड़ई गांव निवासी जितेंद्र साहू पिता बुद्धसेन साहू ने जबलपुर के अस्पताल में दम तोड़ दिया। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और गांव में भी शोक की लहर फैल गई। बताया जा रहा है कि दुर्घटना के बाद पुलिस ने बस को कब्जे में लेकर प्रकरण दर्ज किया था। अब घायल युवक की मौत के बाद मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। वहीं दूसरे घायल युवक का उपचार अभी जारी है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
