अलवर, 21 जुलाई (वार्ता) पूर्व सांसद एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने मंगलवार को कहा कि आज राजस्थान में विधानसभा चुनाव हो जायें तो भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को एक भी सीट नहीं मिलेगी, क्योंकि जनता सरकार के कामकाज से पूरी तरह नाराज है। श्री सिंह ने मंगलवार को अलवर में कांग्रेस जिला समिति की बैठक से पहले पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि भाजपा सरकार पिछले डेढ़ वर्ष से पंचायत और नगरीय निकाय चुनाव लगातार टाल रही है। यह सरकार की सबसे बड़ी विफलता है। उन्होंने कहा कि पंचायत चुनाव सीधे गांवों के विकास से जुड़े होते हैं, लेकिन चुनाव नहीं होने से गांवों में विकास कार्य प्रभावित हो रहे हैं। सरपंचों का चुनाव नहीं हो पाने के कारण नयी विकास योजनाओं के प्रस्ताव भी आगे नहीं बढ़ पा रहे हैं।
इससे ग्रामीण क्षेत्रों का विकास ठप पड़ा है। श्री सिंह ने आरोप लगाया कि सरकार चुनाव कराने की मंशा ही नहीं रखती। राजस्थान उच्च न्यायालय कई बार सरकार को फटकार लगा चुका है, इसके बावजूद सरकार लगातार चुनाव टालने के लिए माफी मांगती रही। हाल ही में उच्च न्यायालय ने सरकार से स्पष्ट कहा कि वह चुनाव कराने में सक्षम नहीं है तो न्यायालय किसी अन्य एजेंसी या उच्च न्यायालय के न्यायाधीश की निगरानी में चुनाव कराने पर विचार कर सकता है। श्री सिंह ने कहा कि सरकार की कार्यशैली से जनता का भरोसा उठ चुका है। यही कारण है कि राज्य में भाजपा के प्रति भारी नाराजगी है। उन्होंने दावा किया कि वर्तमान में विधानसभा चुनाव कराये जायें तो भाजपा का पूरी तरह सफाया हो जायेगा।

