मंदसौर की बेटी अनीता माली ने बढ़ाया जिले का मान, ‘इंडियाज टैलेंट फाइट’ के टॉप-10 में बनाई जगह

मंदसौर। प्रतिभा और मेहनत के दम पर मंदसौर की उभरती हुई गायिका अनीता माली ने राष्ट्रीय स्तर पर अपनी अलग पहचान बनाई है। लोकप्रिय टीवी रियलिटी शो ‘इंडियाज टैलेंट फाइट’ के सेमीफाइनल राउंड में शानदार प्रस्तुति देकर उन्होंने देश के टॉप-10 प्रतिभागियों में स्थान हासिल किया है। इस उपलब्धि से पूरे जिले में खुशी का माहौल है और शहरवासी खुद को गौरवान्वित महसूस कर रहे हैं।

जानकारी के अनुसार अनीता माली ने अपनी मधुर आवाज, सुरों की सटीक पकड़ और प्रभावशाली मंच प्रस्तुति से निर्णायकों के साथ-साथ दर्शकों का भी दिल जीत लिया। लगातार उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए उन्होंने प्रतियोगिता के कठिन दौर पार किए और अब देश के सर्वश्रेष्ठ 10 प्रतिभागियों में अपनी जगह बनाने में सफल रही हैं।

वार्ड क्रमांक 26 के पार्षद प्रतिनिधि शैलेन्द्र गोस्वामी ने बताया कि अनीता माली की यह उपलब्धि मंदसौर के लिए गर्व का विषय है। शो के सेमीफाइनल राउंड का प्रथम टेलीविजन प्रसारण 22 जुलाई 2026 को रात्रि 11:55 बजे एंड टीवी पर किया जाएगा, जिसमें दर्शक अनीता की प्रस्तुति देख सकेंगे।

अनीता माली की इस सफलता पर शहर के जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों, संगीत प्रेमियों और नागरिकों ने हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दी हैं। सभी ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए विश्वास जताया कि वे आगामी दौर में भी अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन से मंदसौर और मध्यप्रदेश का नाम राष्ट्रीय स्तर पर और अधिक ऊंचाइयों तक पहुंचाएंगी।

शहरवासियों से भी 22 जुलाई को प्रसारित होने वाले इस विशेष एपिसोड को देखने तथा अपनी प्रतिभाशाली गायिका का उत्साहवर्धन करने की अपील की गई है।

Next Post

जनहित के कार्यों में लापरवाही पर होगी कार्यवाही: विकास

Mon Jul 20 , 2026
सीधी। जिले में आगामी 15 अगस्त को आयोजित होने वाले जिला स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियां समय पर पूरी करने के निर्देश देते हुए कलेक्टर विकास मिश्रा ने कहा कि राष्ट्रीय पर्व की गरिमा के अनुरूप पुलिस परेड ग्राउंड में समारोह का भव्य, गरिमामय एवं सुव्यवस्थित आयोजन सुनिश्चित किया […]

You May Like