महू: हरिफाटक स्थित शासकीय शिक्षा परिसर इन दिनों अपनी मूल पहचान खोकर एक अघोषित निजी पार्किंग स्थल में तब्दील हो चुका है. इस महत्वपूर्ण परिसर में ब्लॉक एजुकेशन ऑफिसर कार्यालय, विकासखंड समन्वयक स्रोत कार्यालय, कन्या विद्यालय, उत्कृष्ट स्कूल और बालिका छात्रावास जैसे अति-संवेदनशील संस्थान संचालित होते हैं. इसके बावजूद, जिम्मेदार अधिकारियों की नाक के नीचे रोजाना दर्जनों निजी और बाहरी वाहन यहां अवैध रूप से पार्क किए जा रहे हैं.
परिसर में कन्या विद्यालय और विशेष रूप से बालिका छात्रावास होने के कारण यहां छात्राओं की सुरक्षा सबसे बड़ा मुद्दा है. दिनभर बाहरी और अज्ञात लोगों की गाड़ियों के आने-जाने से कैंपस का माहौल असुरक्षित हो रहा है. वाहनों के शोर और प्रदूषण के कारण छात्र-छात्राओं की पढ़ाई भी प्रभावित हो रही है. स्थानीय नागरिकों और अभिभावकों का कहना है कि शिक्षा के मंदिर में इस तरह बाहरी तत्वों का दखल किसी बड़ी अप्रिय घटना को आमंत्रण दे रहा है.
आश्चर्य की बात तो यह है कि इसी परिसर में क्षेत्र के शीर्ष शिक्षा अधिकारी बैठते हैं. उनके ठीक सामने परिसर का यह हाल है. जागरूक नागरिकों ने मांग की है कि शिक्षा विभाग और स्थानीय प्रशासन तुरंत इस मामले को संज्ञान में ले. मुख्य द्वार पर सुरक्षा गार्ड की तैनाती की जाए और बाहरी वाहनों के प्रवेश पर पूरी तरह प्रतिबंध लगाया जाए. यदि समय रहते व्यवस्था नहीं सुधारी गई, तो पालकों द्वारा उग्र आंदोलन किया जाएगा.
