झाड़-फूंक’ के बहाने दारोगा परिवार से 2.72 लाख की ठगी, बैगा समेत तीन आरोपी गिरफ्तार

बालोद, 25 नवंबर (वार्ता) छत्तीसगढ़ के बालोद जिले के झलमला गांव में एक सब-इंस्पेक्टर के परिवार को तंत्र-मंत्र का डर दिखाकर 2.72 लाख रुपए की ठगी करने वाले तीन आरोपियों को मंगलवार को गिरफ्तार कर लिया।

घटना तब सामने आई जब सब-इंस्पेक्टर की पत्नी ने पुलिस को बताया कि उनका परिवार स्वास्थ्य कारणों से झलमला में रह रहा है। घर में तीखुर बेचने आई एक महिला ने उनके पति को ‘जादू-टोना’ से पीड़ित बताकर झाड़-फूंक कराने का लालच दिया। परिवार के संदेह दूर करने और डर का माहौल बनाने के बाद उसने 26 सितंबर को दो लोगों को साथ लाकर कथित पूजा-पाठ शुरू किया।

पूजा के नाम पर आटा, दिया और चावल रखकर एक पीढ़ा तैयार किया गया। इसके बाद ठगों ने बीमारी बढ़ने का भय दिखाते हुए जेवरों और नगदी को ‘उपचार’ के लिए पीढ़ा पर रखने को कहा। मौका पाते ही तीनों सामान लेकर चंपत हो गए। कुछ देर बाद जब परिवार को धोखे का एहसास हुआ, तो उन्होंने तुरंत बालोद थाने में शिकायत दर्ज कराई।

जांच के बाद पुलिस ने गुरुर थाना क्षेत्र के कनेरी गांव निवासी रवि नेताम (40), रीना नेताम (30) और पदमा मंडावी (50) को अलग-अलग स्थानों से पकड़ा। एसडीओपी देवांश सिंह राठौर ने बताया कि आरोपियों पर संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की गई और उन्हें जेल भेज दिया गया है।

 

 

Next Post

नक्सलियों के गढ़ रहे अबूझमाड़ के 28 नक्सलियों ने छोड़े हथियार 19 महिला 9 पुरुष, 89 लाख का ईनाम बांटेगी सरकार

Tue Nov 25 , 2025
नारायणपुर, 25 नवंबर (वार्ता) छत्तीसगढ़ के बस्तर रेंज में चल रही “पूना मारगेम : पुनर्वास से पुनर्जीवन” पहल के तहत मंगलवार को जिला नारायणपुर में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि दर्ज हुई, जब कुल 28 माओवादी माओवादियों ने हिंसा का रास्ता छोड़कर समाज के मुख्यधारा में लौटने का निर्णय लिया। इन पुनर्वास […]

You May Like