जबलपुर: तिलवारा स्थित किया कार शोरूम में कटर से ताला और जंजीर काटकर 3.81 लाख की चोरी कर ली गई। दो-दो सुरक्षा गार्डों की तैनाती के बावजूद शातिर चोरों ने वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर लिया है ।पुलिस के मुताबिक न्यू शास्त्रीनगर निवासी सचिन तिवारी (44), खटवानी सेल्स एण्ड सर्विसेस एलएलपी किया शोरूम में एच.आर. मैनेजर हैं। किया कार शोरूम, तिलवारा में स्थित है। बीती रात करीब 8:30 बजे वह पूरे स्टाफ के साथ शोरूम लॉक करके घर चले गए थे।
सुबह लगभग 11 बजे शोरूम के अकाउंटेंट आदर्श श्रीवास्तव और आरती प्रजापति ने उन्हें फोन कर बताया कि शोरूम के मुख्य गेट पर लगा ताला और लोहे की जंजीर टूटी हुई है। जब स्टाफ ने अंदर जाकर देखा, तो कैश काउंटर की तिजोरी साफ थी और उसमें रखे 3 लाख 81 हजार रुपये नदारद थे। इस चोरी ने शोरूम की सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोलकर रख दी है।
रात 9 बजे से सुबह तक शोरूम की रखवाली के लिए दो गार्ड सुजीत राजपूत और गोपी विश्वकर्मा तैनात रहते हैं। पुलिस अब इन दोनों गार्ड्स से कड़ाई से पूछताछ कर रही है कि उनकी मौजूदगी में इतनी बड़ी वारदात कैसे हो गई। पुलिस टीम शोरूम के अंदर और बाहर लगे सीसीटीवी फुटेज को खंगाल रही है ताकि चोरों के हुलिए और रूट का पता लगाया जा सके।
