6 हजार का लालच देकर 6 लाख के जेवरात ले उड़ा बुलेट सवार युवक

रीवा,  मउगंज जिले के लौर थाना क्षेत्र में ठगी का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। एक बुलेट सवार युवक ने 6 हजार रुपये प्रतिमाह दिलाने का झांसा देकर 72 वर्षीय वृद्ध महिला से कथित तौर पर लगभग 6 लाख रुपये मूल्य के सोने के जेवरात ठग लिए। पीड़ित वृद्ध दंपति ने थाना लौर पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराते हुए आरोपी के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की मांग की है।

शिकायत के अनुसार, 17 जुलाई 2026 को ग्राम इटहा (थाना लौर) निवासी वृद्ध केदार प्रसाद नामदेव अपने घर के बाहर बैठे थे। इसी दौरान एक बुलेट मोटरसाइकिल से युवक वहां पहुंचा और बातचीत के दौरान स्वयं को सरकार की ओर सर्वे कर्मचारी बताते हुए विश्वास में ले लिया। उसने वृद्ध को 6 हजार रुपये प्रति माह दिलाने का लालच दिया और कहा कि अपना आधार दे पंजीयन करना है फिर बोला घर में टीवी, कूलर, पंखा, सायकल या गाड़ी जो हो बताए फिर कहा जो भी सोना चांदी के जेवर हो उसकी गिनती कर बैग या किसी थैले में लाए सभी दर्ज कर दे और पंजीयन शुल्क 5000/ दे जो बाद में रुपये और जेवर दोनों वापस मिल जाएंगे।

आरोप है कि वृद्ध महिला ने विश्वास में आकर अपने सोने के गहने युवक को सौंप दिए। युवक जेवर लेकर मौके से फरार हो गया। काफी देर तक उसके वापस नहीं आने पर वृद्ध दंपति को ठगी का एहसास हुआ। शिकायत में जेवरों की कीमत करीब 6 लाख रुपये बताई गई है।

पीड़ित दंपति ने थाना लौर में लिखित आवेदन देकर आरोपी की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी तथा जेवर बरामद कराने की मांग की है। पुलिस ने शिकायत प्राप्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

पुलिस की सलाह-

पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी अजनबी व्यक्ति के झांसे में आकर नकदी, आभूषण या अन्य कीमती सामान न सौंपें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तत्काल सूचना पुलिस को दें।

Next Post

घंटाघर के पास दुकान का शटर तोड़कर 6500 रुपये और गुटखे के पैकेट चोरी, पुलिस जांच में जुटी

Sat Jul 18 , 2026
दमोह। शहर के हृदय स्थल घंटाघर के समीप बूंदाबहु कॉम्प्लेक्स में दुकान का ताला तोड़कर चोरी की वारदात सामने आई है।यह मामला सिटी कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत का है। दुकान के प्रोप्राइटर लखन दुबे की दुकान के शटर के ताले अज्ञात चोरों ने तोड़ दिए। इसके बाद दुकान के ड्रॉज में […]

You May Like