इंदौर पुलिस की साइक्लोथॉन, युवाओं को दिया नशामुक्ति का संदेश

इंदौर:इंदौर नशे के खिलाफ जनजागरूकता फैलाने के उद्देश्य से पुलिस कमिश्नरेट द्वारा ‘नशे से दूरी है जरूरी 2.0’ अभियान के तहत शनिवार को भव्य साइक्लोथॉन का आयोजन किया गया। पलासिया स्थित आई लव इंदौर सेल्फी पॉइंट से शुरू हुई इस रैली में करीब 400 लोगों ने भाग लिया। स्कूली बच्चे, युवा, महिलाएं, वरिष्ठ नागरिक, बीएसएफ के जवान, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि और पुलिस अधिकारी साइकिल के जरिए शहरवासियों को नशामुक्त जीवन अपनाने का संदेश देते नजर आए। रैली शुरू होने से पहले प्रतिभागियों ने जुम्बा सत्र में हिस्सा लिया और नशे से दूर रहने की शपथ भी ली।
अतिरिक्त पुलिस आयुक्त आर.के. सिंह ने हरी झंडी दिखाकर साइक्लोथॉन को रवाना किया।

साइकिल सवारों का काफिला पलासिया, गीता भवन, जीपीओ, सपना संगीता, कलेक्ट्रेट, राजवाड़ा और रीगल चौराहे सहित शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरा। रास्ते भर नागरिकों ने रैली का उत्साहपूर्वक स्वागत किया और कई लोगों ने तस्वीरें व वीडियो भी बनाए। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि नशा केवल व्यक्ति ही नहीं, बल्कि पूरे परिवार और समाज को प्रभावित करता है। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहकर अपनी ऊर्जा शिक्षा, खेल और सकारात्मक कार्यों में लगाने की अपील की। अभियान का उद्देश्य समाज के हर वर्ग तक नशामुक्ति का संदेश पहुंचाकर स्वस्थ और जागरूक इंदौर का निर्माण करना है।

Next Post

विवादास्पद नामों वाली नवगठित कार्यकारिणी 48 घंटे के भीतर भंग

Sat Jul 18 , 2026
जबलपुर: भारतीय जनता पार्टी अनुसूचित जाति मोर्चा के जबलपुर ग्रामीण संगठन में उस वक्त बड़ा सियासी भूचाल आ गया, जब नवगठित कार्यकारिणी को गठन के महज 48 घंटे के भीतर ही भंग कर दिया गया। पूरी टीम को भंग किए जाने से जिले के सियासी गलियारों में सुगबुगाहट तेज हो […]

You May Like