ईरान: मशहद स्थित इमाम रज़ा दरगाह परिसर में आग, कोई हताहत नहीं

तेहरान, 17 जुलाई (वार्ता) ईरान के पवित्र शहर मशहद स्थित इमाम रज़ा दरगाह परिसर में गुरुवार को एक निर्माण परियोजना से जुड़े बिटुमेन कार्यशाला में आग लग गयी। त्वरित कार्रवाई से आग पर शीघ्र काबू पा लिया गया और किसी के हताहत होने या दरगाह परिसर को नुकसान पहुंचने की सूचना नहीं है।
मशहद अग्निशमन विभाग के प्रवक्ता ने बताया कि आग दरगाह परिसर में चल रही एक निर्माण परियोजना के लिए स्थापित बिटुमेन कार्यशाला में लगी।

घटना की सूचना मिलते ही दरगाह परिसर में तैनात अग्निशमन कर्मी और नगर निगम के दमकल दल मौके पर पहुंचे तथा आग को आसपास के क्षेत्रों में फैलने से रोक लिया। आग लगने से परिसर में काफी धुआं फैल गया था, लेकिन दमकल कर्मियों ने थोड़ी ही देर में उस पर काबू पा लिया। अधिकारियों के अनुसार, इस घटना में किसी के घायल होने या दरगाह की इमारतों को नुकसान पहुंचने की सूचना नहीं है। आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। उल्लेखनीय है कि मशहद स्थित इमाम रज़ा दरगाह शिया मुसलमानों के सबसे पवित्र धार्मिक स्थलों में से एक है, जहां हर वर्ष लाखों श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं।

.....

Next Post

गिल फिट, इंग्लैंड ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी चुनी

Thu Jul 16 , 2026
कार्डिफ, 16 जुलाई (वार्ता) इंग्लैंड ने भारत के खिलाफ दूसरे वनडे में गुरूवार को टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। इंग्लैंड के कप्तान हैरी ब्रूक ने टॉस जीतने के बाद कहा, ”हमें उम्मीद है कि इस सतह से हमें सीम मूवमेंट मिलेगा। बल्लेबाज़ी में सुधार करने की आवश्यकता […]

You May Like