महंगी फीस और कम स्टाइपेंड के खिलाफ सड़कों पर उतरे एमबीबीएस इंटर्न्स, सरकार से समान मानदेय की गुहार

भोपाल:प्रदेश के शासकीय और निजी चिकित्सा महाविद्यालयों के एमबीबीएस इंटर्न्स और डॉक्टरों ने सोमवार को रैली निकालकर सरकार के समक्ष स्टाइपेंड बढ़ाने की मांग रखी. जिसके तहत जीएमसी में इंटर्न्स द्वारा एक पदयात्रा का आयोजन किया गया। करीब शाम 4 बजे निकाली गई इस पदयात्रा में सैकड़ों डॉक्टर शामिल हुए. वहीं प्रदर्शनकारी डॉक्टरों ने बताया कि प्रदेश के शासकीय चिकित्सा महाविद्यालयों में एमबीबीएस के विद्यार्थियों से हर साल लगभग 1 लाख रुपये का भारी-भरकम शिक्षण शुल्क लिया जाता है। इसके विपरीत, जब अनिवार्य इंटर्नशिप के दौरान काम के बदले मानदेय देने की बात आती है, तो उन्हें मात्र 14 हजार 337 रुपये प्रति माह का स्टाइपेंड दिया जा रहा है। जो कि अन्य राज्यों की तुलना में काफी कम है. जिसके कारण उन्हें गंभीर आर्थिक तंगी का सामना करना पड़ रहा है।
-24 से 36 घंटे की कठिन ड्यूटी, फिर भी कम मानदेय
जूनियर डॉक्टरों का कहना है कि वे अस्पताल के वार्डों, आपातकालीन विभागों, प्रसूति रोग विभाग, ऑपरेशन थिएटर और आईसीयू जैसे संवेदनशील क्षेत्रों में निरंतर अपनी सेवाएं देते हैं। कई बार उन्हें लगातार 24 से 36 घंटे की कड़क नाइट ड्यूटी भी करनी पड़ती है। फिर भी उन्हे मिलने वाला स्टाइपेंड अस्पताल के अन्य कर्मचारियों के वेतन या मानदेय से भी कम है। जिससे डॉक्टर अपने परिवारों पर निर्भर रहने को मजबूर हैं। डॉक्टरों का तर्क है कि जब पूरे देश में राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग द्वारा समान पाठ्यक्रम और समान उत्तरदायित्व निर्धारित हैं, तो मध्य प्रदेश के इंटर्न्स के साथ यह भेदभाव पूरी तरह अनुचित है।
-यह हैं डॉक्टरों की प्रमुख मांगें
वर्तमान में मिल रहे 14 हजार 337 रुपये के स्टाइपेंड को बढ़ाकर न्यूनतम 30 हजार रुपये प्रति माह किया जाए।
प्रदेश में एमबीबीएस की महंगी शिक्षा शुल्क और इंटर्न स्टाइपेंड के बीच अन्य राज्यों की तरह एक पारदर्शी संतुलन स्थापित हो.
स्टाइपेंड में हर साल 6 प्रतिशत का महंगाई भत्ता या स्वचालित वार्षिक वृद्धि की स्थायी व्यवस्था लागू हो.
सभी शासकीय और निजी चिकित्सा महाविद्यालयों में एमबीबीएस इंटर्न्स को समान स्टाइपेंड प्रदान किया जाए

Next Post

पुलिस विभाग के मुखिया की माता का निधन

Mon Jul 13 , 2026
उज्जैन: प्रदेश पुलिस विभाग के मुखिया (डीजीपी) की माता का सोमवार सुबह निधन हो गया। खबर मिलते ही पुलिस विभाग के अधिकारी राजस्व कॉलोनी पहुंच गए । दोपहर 12 बजे अंतिम यात्रा शुरू हुई चक्रतीर्थ पर अंतिम विदाई दी गई। मध्य प्रदेश पुलिस विभाग के डीजीपी कैलाश मकवाना मूल रूप […]

You May Like