जबलपुर: बलदेवबाग चौराहे पर वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस ने प्रतिबंधित मॉडीफाइड साइलेंसर लगी एक बुलेट मोटरसाइकिल को रोका। पुलिस के अनुसार वाहन से अत्यधिक तेज आवाज आ रही थी, जिसके बाद उसे जांच के लिए रोका गया। पूछताछ के दौरान चालक ने सहयोग करने के बजाय पुलिसकर्मियों से बहस शुरू कर दी और मौके पर विवाद की स्थिति बन गई।
थाना प्रभारी नवल आर्य के मुताबिक युवक को समझाने का प्रयास किया गया, लेकिन उसके लगातार विवाद करने पर पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया। साथ ही बुलेट मोटरसाइकिल को जब्त कर थाने पहुंचाया गया और नियमानुसार कार्रवाई करते हुए चालान बनाया गया। वाहन चालक की पहचान भावेश रजक निवासी संगम कॉलोनी के रूप में हुई है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर भी सामने आया है।
