
इंदौर. बारिश के साथ पिकनिक स्पॉट पर रौनक बढ़ी तो लापरवाही और हादसों का खतरा भी सामने आने लगा. बुधवार को जिले में सड़क दुर्घटना, स्टंटबाजी, कार्यस्थल पर हादसा और आत्महत्या की अलग अलग घटनाओं ने चिंता बढ़ा दी. तिंछा फॉल से लौट रहे युवकों को कार ने टक्कर मार दी, पातालपानी में जान जोखिम में डालकर स्टंट कर रहे युवकों पर पुलिस ने कार्रवाई की, जबकि मोबाइल टावर से गिरकर एक कर्मचारी की मौत हो गई. दूसरी ओर जिला न्यायालय के एक क्लर्क ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली.
पिकनिक से लौट रहे युवकों को कार ने मारी टक्कर…
तिंछा फॉल से पिकनिक मनाकर लौट रहे गोलू खन्ना, करण और विक्की सिमरोल क्षेत्र में हादसे का शिकार हो गए. मोबाइल पर कॉल आने पर करण ने बाइक रोकी थी, तभी तेज रफ्तार कार ने तीनों को टक्कर मार दी. हादसे में करण समेत दो युवक गंभीर घायल हो गए. कार चालक मौके से फरार हो गया, जिसकी पुलिस तलाश कर रही है.
पातालपानी में स्टंटबाजों पर सख्ती…
बारिश के कारण पातालपानी सहित अन्य पर्यटन स्थलों पर बढ़ती भीड़ के बीच कुछ युवक सुरक्षा रेलिंग पार कर खाई और बहते पानी के पास पहुंच गए. सूचना मिलने पर पुलिस ने उन्हें सुरक्षित बाहर निकालकर समझाइश दी और दोबारा ऐसी हरकत नहीं करने की चेतावनी दी. पुलिस ने पर्यटकों से सेल्फी और स्टंट के लिए जान जोखिम में नहीं डालने की अपील की है.
मोबाइल टावर से गिरने से कर्मचारी की मौत…
बड़गोंदा थाना क्षेत्र के कैलोद गांव में जीटीएल कंपनी के मोबाइल टावर पर काम कर रहे मेरठ निवासी मोहम्मद कैफ नीचे उतरते समय पैर फिसलने से गिर गए. गंभीर हालत में उन्हें महू अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया.
जिला कोर्ट के क्लर्क ने फांसी लगाई…
राजेंद्र नगर थाना क्षेत्र की शिव सिटी में रहने वाले 34 वर्षीय दुर्गेश लालचंद, जो जिला न्यायालय में क्लर्क थे, ने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. घटना के समय उनकी मां घर पर थीं. पत्नी चार माह के बेटे के साथ मायके गई हुई थी. पुलिस को मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है. आत्महत्या के कारणों की जांच की जा रही है.
