ईद मिलादुन्नाबी जुलूस हजारों मुस्लिम धर्मावलंबियों ने की शिरकत

खंडवा। जश्न-ए-ईद-ए-मिलादुन्नबी शहर में पारंपरिक हर्षोल्लास एवं अकीदत के साथ मनाई गई। शुक्रवार को पैगंबर हजरत मोहम्मद के जन्मदिन जश्ने ईद मिलादुन्नबी पर शहर में जुलूस निकाला गया। मुस्लिम समाज के हजारों लोग शामिल हुए।

पैगंबर साहब का जन्मदिन जश्न-ए-मिलादुन्नबी के रूप में मनाया जाता है। नबी की आमद पर हर चेहरा खिला नजर आया। हजारों की तादाद में निकले जुलूस में नबी की आमद मरहबा जैसी नात-ए-पाक से शहर के मुख्य मार्ग गूंजते रहे। शहर में सप्ताहभर पूर्व से ही उल्लास का माहौल था।

इमलीपुरा से निकलने वाले मुख्य जुलूस में शामिल होने के लिए शहर के विभिन्न क्षेत्रों और मदरसों से अलग-अलग जुलूस निकाले गए। इनमें प्रमुख रूप से हजरत खानशाह वली कालोनी, पड़ावा चौक, गुलमोहर कालोनी, कहारवाड़ी, घासपुरा एवं गणेश तलाई से जुलूस इमलीपुरा पहुंचे।

जुलूस में शाही बग्गी नुमा जीप पर सवार शहर काजी सैय्यद निसार अली सहित सलीम पटेल, रियाज हुसैन,अहमद पटेल, ईकबाल कुरैशी,फरहाज शेख मौजूद रहे,तो वहीं हजारों से अधिक की संख्या में मुस्लिम समाजजन इस जुलूस ए मोहम्मदी में शामिल हुए ।

जुलूस में शामिल लोग इस्लामिक परचम साथ लेकर लहराते हुए, सरकार की आमद मरहबा, नबी की आमद मरहबा जैसे नारे लगा रहे थे । तो वहीं इस जुलुस का शहर के हर गली चौक चौराहों पर मंच लगाकर इस्तकबाल किया गया । वहीं जुलुस में शामिल लोगों को तबर्रुक के तौर पर बड़ी संख्या में मिठाई,चॉकलेट, शरबत, पानी और फल भी वितरित किए जा रहे थे ।

बच्चों में उत्साह

हजारों सामाजिक बंधु ईद-ए-मिलादुन्नबी के जुलूस में हुए शामिल। बच्चों में काफी उत्साह देखा गया। इस बार शहर में की गई सजावट काफी अधिक रही। इस दौरान पूरे मार्ग में बड़ी संख्या में प्रसाद (तबर्रुक) बांटा गया । कई जगह स्वागत गेट बनाए गए। उन पर रंग-बिरंगी लाईटिंग और नए-नए झंडे आकर्षण का केन्द्र बने हुए थे।

पुलिस प्रशासन

रहा मुस्तैद

पर्व को लेकर जिला एवं पुलिस प्रशासन पूरी तरह से मुस्तैद रहा। किसी भी अप्रिय घटना से बचने के लिए पुलिस प्रशासन ने शहर में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए थे। इमलीपुरा से निकले जुलूस के साथ भारी पुलिस बल चल रहा था। साथ ही जिन स्थानों से जुलूस निकला वहां भी भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया था।

Next Post

कलेक्टर ने किया गणेश प्रतिमा विसर्जन स्थल का निरीक्षण

Fri Sep 5 , 2025
सतना।कलेक्टर सतना डॉ. सतीश कुमार एस ने पुलिस अधीक्षक आशुतोष गुप्ता के साथ शुक्रवार को गणेश प्रतिमाओं के विसर्जन स्थल का मौका निरीक्षण किया। कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक ने सतना शहर के समीप ट्रांसपोर्ट नगर के कृत्रिम तालाब में नगर निगम द्वारा बनाये गये विसर्जन कृत्रिम कुण्ड का अवलोकन किया। […]

You May Like

मनोरंजन