
जबलपुर। खमरिया थाना अंतर्गत डुमना स्थित ट्रिपलआईटी हॉस्टल में बी.टेक थर्ड ईयर की छात्रा द्वारा सोमवार को फांसी लगाकर आत्महत्या करने की खबर पुलिस द्वारा जैसे ही तेलंगाना में रह रहे मृतिका के परिवार को दी गई तो वैसे ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। बदहवास हालत में परिजन वारंगल से जबलपुर के लिए रवाना हुए और मंगलवार को शहर पहुंचे। मेडिकल अस्पताल में पोस्टमार्टम के बाद, देर शाम छात्रा का शव परिजनों को सौंप दिया गया। माहौल बेहद गमगीन हो गया। बेटी का शव देख परिजनों चीखें निकल गईं, जिसे देख वहां मौजूद हर आंखें भी नम हो गईं। रोते बिलखते परिजन आंखों में आंसू के साथ शव को लेकर तेलंगाना के लिए रवाना हो गए हैं, जहां बुधवार को अंतिम संस्कार किया जाएगा। इस घटना के बाद से पूरे कॉलेज परिसर में सन्नाटा पसरा हुआ है।
क्या है मामला-
विदित हो कि नार्गाजुन महिला छात्रावास ब्लाक सी रूम नम्बर 314 ट्रिपल आई टी डीएम में रहने वाली छात्रा वामकुडांथ वैष्णवी 20 वर्ष निवासी चंद्रव पल्ली नरसंपेठ मंडल जिला वारंगल तेलंगाना ने अपने रूम में लगे हुये पंखे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। मामले की सूचना सोमवार दोपहर 3:28 बजे ट्रिपल आईटी सुरक्षा गार्ड जितेन्द्र बहादुर सिंह 59 वर्ष ने खमरिया पुलिस को दी थी।
बयान दर्ज कर रही पुलिस, पीएम रिपोर्ट का इंतजार-
पुलिस हॉस्टल के स्टाफ, मृतिका की सहेलियों और कॉलेज प्रबंधन के विस्तृत बयान दर्ज कर रही है ताकि स्थिति स्पष्ट हो सके। इसके साथ ही पोस्टमार्टम की विस्तृत रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों और वास्तविक परिस्थितियों का खुलासा हो पाएगा। छात्रा ने इतना बड़ा और आत्मघाती कदम क्यों उठाया, इसका राज अभी भी हॉस्टल के उस कमरे में दफन है। पुलिस हर एंगल से मामले की गहराई से जांच कर रही है। अति. पुलिस अधीक्षक मनीष भारद्वाज का कहना है कि विस्तृत जांच के बाद जो तथ्य सामने आएंगे उसके आधार पर आगे की कार्रवाई होगी।
