अंकारा, 03 नवंबर (वार्ता) तुर्की का भारत से आयात इस साल अक्टूबर में सालाना आधार पर 195.5 प्रतिशत बढ़कर 1.5 अरब डॉलर के स्तर पर पहुंच गया जबकि इसी दौरान इस देश का रूस से आयात 80.6 प्रतिशत घटकर 72.18 करोड़ डॉलर पर आ गया।
तुर्की के दो प्रमुख व्यापारिक साझेदारों के साथ इसके व्यापार में इन दो परस्पर विरोधी रुझानों के बीच भारत तुर्की में वस्तुओं के आयात के एक प्रमुख स्रोत के रूप में अक्टूबर में सबसे अलग दिखा। तुर्की में भारत से खरीदे जाने वाले माल में मुख्य रूप से डीजल पेट्रोल, रसायन, लोहा-इस्पात, कपड़े आदि शामिल हैं।
तुर्की के निर्यात के अक्टूबर के आंकड़ों के अनुसार इसी दौरान मिस्र को तुर्की का निर्यात 77.8 प्रतिशत बढ़कर 68.26 करोड़ डॉलर हो गया। वहीं, सऊदी अरब और चीन को निर्यात में क्रमशः 76.2 प्रतिशत और 74.2 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई।
तुर्की के व्यापार मंत्रालय के प्रारंभिक आंकड़ों के अनुसार, अक्टूबर में देश का निर्यात सालाना आधार पर 8.1 प्रतिशत बढ़कर 25.9 अरब डॉलर रहा, जबकि आयात 3.4 प्रतिशत की वृद्धि के साथ 32.6 अरब डॉलर पर पहुंच गया। इस दौरान व्यापार घाटा
11.4 प्रतिशत घटकर 6.7 अरब डॉलर रह गया।
