
सोयतकलां, भारतीय किसान संघ की तहसील बैठक का आयोजन स्थानीय स्तर पर संगठन के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं की उपस्थिति में संपन्न हुआ. बैठक में बड़ी संख्या में किसानों ने सहभागिता कर संगठन को और अधिक मजबूत बनाने तथा किसानों की समस्याओं के समाधान पर विस्तार से चर्चा की.
बैठक में किसान समाज में जागरूकता बढ़ाने, आगामी 11 जुलाई को होने वाले जिला स्तरीय कार्यक्रम की तैयारियों, तहसील एवं ग्राम स्तर के समस्त पदाधिकारियों की जानकारी अद्यतन रखने तथा प्रत्येक कार्यकर्ता द्वारा अपने-अपने क्षेत्र में नए गांवों तक संगठन का विस्तार करने का निर्णय लिया गया. इसके साथ ही तहसील एवं जिला स्तर पर प्रशिक्षण वर्ग आयोजित करने, कार्य विभाजन एवं संचालन व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने तथा 30 सितंबर को दिल्ली में आयोजित होने वाले महिला सम्मेलन में अधिक से अधिक सहभागिता सुनिश्चित करने पर भी चर्चा हुई. सम्मेलन में भोजन, आवास एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की रूपरेखा भी तय की गई. बैठक में किसानों ने खाद का वितरण बिना ई-टोकन व्यवस्था के किए जाने की मांग प्रमुखता से उठाई. किसानों का कहना था कि ई-टोकन व्यवस्था के कारण समय पर खाद उपलब्ध नहीं हो पा रही है, जिससे किसानों को अनावश्यक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. बैठक में मुख्य रूप से प्रांत कार्यालय मंत्री सीताराम प्रजापति, जिला सह मंत्री गोपाल चौधरी, जिला मंडी प्रमुख जगदीश सिंह चौहान, तहसील अध्यक्ष रामदयाल पाटीदार, तहसील मंत्री सीताराम डांगी, तहसील उपाध्यक्ष बालू सिंह चौहान, तहसील सदस्य कैलाश परासिया, विष्णु चौधरी, जगदेव सिंह, योगेंद्र सिंह चौहान, मनोहर लाल, तहसील युवा वाहिनी प्रमुख पुरुषोत्तम दांगी, बद्रीलाल, तेज सिंह, पप्पू तिवारी, शोभाराम, अनिल श्रृंगी सहित मातृशक्ति एवं बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे. जानकारी तहसील प्रवक्ता हरीश पटेल ने दी.
