छतरपुर: जिले के गुलगंज थाना क्षेत्र के सेंधखुरी गांव में सिंचाई के पानी को लेकर हुआ विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। आरोप है कि गांव के कुछ लोगों ने 60 वर्षीय किसान तुलसी यादव पर रास्ते में रोककर लाठी-डंडों से हमला कर दिया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए।पुलिस के अनुसार, तुलसी यादव के खेत से निकलने वाला नाली का पानी अशु, लखन, उत्तम और नंदकिशोर के खेतों की ओर जा रहा था।
आरोपियों ने पानी का रास्ता रोक दिया, जिसके बाद दोनों पक्षों में विवाद हो गया।परिजनों का आरोप है कि विवाद के बाद जब तुलसी यादव घर लौट रहे थे, तभी आरोपियों ने उन्हें रास्ते में घेर लिया और लाठी-डंडों से बुरी तरह पीटा। घायल किसान की चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे, जिसके बाद आरोपी वहां से भाग निकले।
घटना की सूचना पर परिजन तुलसी यादव को इलाज के लिए अस्पताल ले गए। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए बिजावर से जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया, जहां उनका उपचार जारी है।गुलगंज थाना पुलिस ने परिजनों की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आरोपियों की तलाश में छापेमारी कर रही है। परिजनों ने आरोप लगाया है कि हमला जान से मारने की नीयत से किया गया और पानी के छोटे विवाद को लेकर इतनी बर्बरता करना बेहद निंदनीय है।
