योगिता बाली ने 60 से ज्यादा फिल्मों में किया काम, किशोर कुमार से टूटी शादी, फिर मिथुन चक्रवर्ती बने हमसफर

मुंबई, योगिता बाली ने 1971 में ‘परवाना’ से बॉलीवुड डेब्यू किया और 60 से ज्यादा फिल्मों में काम किया। 1976 में उन्होंने किशोर कुमार से शादी की, लेकिन दो साल बाद तलाक हो गया।

बॉलीवुड एक्ट्रेस योगिता बाली आज अपना 74वां जन्मदिन मना रही हैं। 13 अगस्त 1952 को मुंबई में जन्मीं योगिता ने 70 और 80 के दशक में अपनी खूबसूरती और अभिनय से पहचान बनाई। हालांकि, उनके फिल्मी करियर से ज्यादा उनकी निजी जिंदगी ने सुर्खियां बटोरीं। उनकी जिंदगी में प्यार, शादी, तलाक और फिर एक ऐसा रिश्ता आया, जिसे उन्होंने परिवार के साथ आगे बढ़ाया।

योगिता बाली का जन्म एक फिल्मी परिवार में हुआ था। वह दिग्गज एक्ट्रेस गीता बाली की भतीजी हैं। ऐसे में बचपन से ही उनका जुड़ाव सिनेमा की दुनिया से रहा। साल 1971 में उन्होंने फिल्म ‘परवाना’ से एक्टिंग करियर की शुरुआत की। इसके बाद उन्होंने अमिताभ बच्चन, राजेश खन्ना, देव आनंद, संजीव कुमार और सुनील दत्त जैसे बड़े सितारों के साथ काम किया। योगिता ने अपने करियर में करीब 60 से ज्यादा फिल्मों में अभिनय किया।

किशोर कुमार से हुई पहली शादी
फिल्मी करियर के दौरान योगिता बाली की जिंदगी में मशहूर गायक और अभिनेता किशोर कुमार की एंट्री हुई। साल 1976 में दोनों ने शादी कर ली। यह किशोर कुमार की तीसरी शादी थी, जबकि योगिता की पहली शादी थी। दोनों की शादी उस दौर में खूब चर्चा में रही। हालांकि, यह रिश्ता ज्यादा समय तक नहीं चल सका। शादी के करीब दो साल बाद 1978 में दोनों का तलाक हो गया। इसके बाद योगिता की जिंदगी में एक और बड़ा बदलाव आया।

मिथुन चक्रवर्ती के साथ शुरू हुआ नया सफर
किशोर कुमार से तलाक के अगले ही साल यानी 1979 में योगिता बाली ने अभिनेता मिथुन चक्रवर्ती से शादी कर ली। शादी के बाद योगिता ने धीरे-धीरे फिल्मों से दूरी बनानी शुरू कर दी। 1989 में आई ‘आखिरी बदला’ उनकी आखिरी फिल्मों में शामिल रही। मिथुन और योगिता की शादीशुदा जिंदगी भी कई बार सुर्खियों में रही। खासकर मिथुन का नाम एक्ट्रेस श्रीदेवी से जोड़े जाने की खबरों ने काफी चर्चा बटोरी। हालांकि, योगिता ने अपने परिवार को प्राथमिकता दी।

चार बच्चों की मां हैं योगिता
योगिता और मिथुन चक्रवर्ती के चार बच्चे हैं। उनके तीन बेटे महाक्षय, उश्मय और नमाशी हैं, जबकि बेटी का नाम दिशानी है। महाक्षय और नमाशी फिल्म इंडस्ट्री में भी अपनी किस्मत आजमा चुके हैं। एक एक्ट्रेस के तौर पर पहचान बनाने के बाद योगिता बाली ने परिवार को प्राथमिकता दी और लंबे समय से लाइमलाइट से दूर हैं। उनकी जिंदगी में आए उतार-चढ़ाव आज भी बॉलीवुड की चर्चित फिल्मी कहानियों में शामिल हैं।

Next Post

4 साल की उम्र में शुरू हुआ सफर, हिम्मतवाला से मिली शोहरत, फिर बनीं महिला सुपरस्टार, ऐसी थी श्रीदेवी की कहानी

Thu Aug 13 , 2026
मुंबई, श्रीदेवी ने कम उम्र में फिल्मी सफर शुरू किया और हिम्मतवाला से बड़ा स्टारडम हासिल किया। हालांकि, उन्हें डर था कि फिल्म की सफलता के बाद पहचान सिर्फ ग्लैमर तक सीमित हो जाएगी। हिंदी सिनेमा की दिग्गज अभिनेत्री श्रीदेवी ने अपने शानदार अभिनय और अलग-अलग तरह के किरदारों से दर्शकों […]

You May Like