
जबलपुर। माढ़ोताल थाना अंतर्गत मां रेवा कॉलोनी मोड़ पर बीती रात सब्जी लेकर घर लौट रहे सिंचाई विभाग के एक सेवानिवृत्त कर्मचारी को बाइक सवार डरा-धमकाकर उनका मोबाइल, पहचान पत्र और नगदी लूटने वाले आरोपियों को पुलिस ने पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और संदेह के आधार पर घेराबंदी करके दबोच लिया है। पकड़े गए आरोपियों में से एक थाने का लिस्टेड गुंडा है, जिसके खिलाफ जिला बदर की कार्रवाई भी शुरू कर दी गई है। गिरफ्तारी के बाद पुलिस आज अपराधियों के मन में कानून का डर और जनता में सुरक्षा का भाव पैदा करने के लिए तीनों आरोपियों को पैदल उस जगह लेकर गई, जहां उन्होंने वारदात को अंजाम दिया था। इस दौरान पुलिस ने आरोपियों का सरेराह जुलूस निकाला।
पुलिस के मुताबिक करमेता निवासी मुन्नालाल पटेल (66) सिंचाई विभाग से सेवानिवृत्त हैं। वह बीती रात बाजार से फल और सब्जी खरीदकर पैदल अपने घर लौट रहे थे। रात करीब 9:15 बजे जैसे ही वह मां रेवा कॉलोनी मोड़ के पास पहुंचे, तभी एक मोटरसाइकिल पर सवार तीन लड़के वहां आए और उनका रास्ता रोक लिया। बुजुर्ग मुन्नालाल कुछ समझ पाते, इससे पहले ही बाइक पर पीछे बैठे दो लड़के नीचे उतरे और उन्होंने बुजुर्ग को पकड़कर बंधक बना लिया थ। इसके बाद बदमाशों ने उनके फुल पैंट की जेब में हाथ डालकर सैमसंग कंपनी का एक मोबाइल फोन लूट लिया बदमाशों ने जेब में रखी वह छोटी डायरी भी निकाल ली जिसमें उनका आईकार्ड और पहचान पत्र रखा हुआ था। डायरी के साथ ही बदमाशों ने जेब में रखे 1,150 रुपये नगद भी छीन लिए थे। वारदात को अंजाम देने के बाद तीनों बदमाश चुंगी नाका की तरफ तेजी से भाग निकले थे।
सीसीटीवी फुटेज से खुले राज, दबोचे गए तीन आरोपी
माढोताल थाना प्रभारी वीरेन्द्र सिंह पवार ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि लूट की वारदात के बाद पुलिस टीम ने घटनास्थल और उसके आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की बारीकी से जांच की थी। फुटेज में दिखे हुलिए और संदेह के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी कर राजीव गांधी नगर माढोताल निवासी राहुल चौधरी पिता कमलेश चौधरी, (24) अभिषेक चौधरी पिता बारेलाल चौधरी (22), सुमित उर्फ अन्नू चौधरी पिता सुमित चौधरी (20) को पकड़ा गया। आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल की गई मोटर साइकिल, लूटा गया मोबाइल, जरूरी दस्तावेज और 500 रुपये नकद बरामद कर लिए हैं। आरोपी सुमित उर्फ अन्नू चौधरी माढोताल थाने की गुंडा सूची में शामिल है। क्षेत्र में उसकी लगातार बढ़ रही आपराधिक गतिविधियों और दहशत को देखते हुए पुलिस ने उसके खिलाफ जिला बदर का प्रकरण तैयार कर पेश किया है।
