
इंदौर. शनिवार रविवार की दरमियानी रात पुलिस ने बड़े पैमाने पर कार्रवाई करते हुए 1458 बदमाशों की चेकिंग की. इनमें से 736 पर वैधानिक कार्रवाई की गई. साथ ही शराब पीकर वाहन चलाने वाले 205 चालकों पर शिकंजा कसा गया और कई फरार आरोपी भी पकड़े गए.
पुलिस कमिश्नर संतोष कुमार सिंह के निर्देश पर शहर के चारों जोन में देर रात से सुबह तक स्पेशल चेकिंग और कॉम्बिंग गश्त चलाई गई. इस दौरान गुंडे-बदमाशों और असामाजिक तत्वों के खिलाफ व्यापक अभियान चलाते हुए 1458 लोगों की जांच की गई, जिनमें से 736 के खिलाफ कार्रवाई की गई.
अभियान के दौरान विभिन्न मामलों में 326 से ज्यादा वारंट तामील कराए गए. इनमें 125 स्थाई, 88 गिरफ्तारी और 113 जमानती वारंट शामिल हैं. इसके अलावा 138 समंस भी तामील किए गए. वहीं नशे में वाहन चलाने वालों पर कड़ी कार्रवाई करते हुए 205 चालकों के खिलाफ 185 मोटर व्हीकल एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किए गए. सार्वजनिक स्थान पर शराब पीने के 43 और मादक पदार्थ सेवन के 7 मामले दर्ज कर कार्रवाई की गई. जबकि अवैध हथियार रखने वालों पर भी शिकंजा कसते हुए अलग-अलग थाना क्षेत्रों से 5 चाकू और 1 गुप्ती के साथ 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया. वहीं आदतन अपराधियों के खिलाफ 143 मामलों में प्रतिबंधात्मक कार्रवाई कर उन्हें सख्त हिदायत दी गई. पुलिस ने हॉटस्पॉट और शैडो एरिया में ड्रोन से निगरानी की और पैदल गश्त भी की. इस दौरान 700 से ज्यादा बदमाशों की अलग से चेकिंग कर उन्हें चेतावनी दी गई. कई सक्रिय और फरार अपराधियों को पकड़कर कानूनी कार्रवाई की जा रही है. अभियान के दौरान पुलिस ने आम लोगों से संवाद कर उन्हें साइबर क्राइम, महिला सुरक्षा, नशे के दुष्परिणाम और सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक भी किया. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शहर में अपराध और असामाजिक गतिविधियों पर नियंत्रण के लिए इस तरह की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी.
