खुले नाले बने मौत के जाल, सालों से गिर रहे गाय-बैल, प्रशासन अनदेखा

दमोह: शहर में खुले और गहरे नाले गाय-बैलों के लिए काल बनते जा रहे हैं। सफाई के नाम पर खानापूर्ति तो हो जाती है, लेकिन नालों को ढंकने और सुरक्षित करने की दिशा में वर्षों से कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।शहर के किल्लाई नाका, अथर्व क्लिनिक, केंद्रीय विद्यालय के सामने, सुभाष कॉलोनी, बिलबारी मोहल्ला सहित कई इलाकों में बड़े-बड़े खुले नाले बने हैं। इनमें आए दिन गाय, बैल और कभी-कभी आमजन भी गिर जाते हैं। नाले इतने गहरे हैं कि गिरने के बाद जानवर खुद से निकल नहीं पाते और कई घंटों तक तड़पते रहते हैं।
ताजा मामला बिलबारी मोहल्ला का
सोमवार-मंगलवार को बिलबारी मोहल्ले के एक बड़े नाले में एक बैल फंस गया। काफी देर तक प्रयास के बाद भी उसे निकाला नहीं जा सका। सूचना मिलने पर स्थानीय लोगों ने वैष्णवी निस्वार्थ गौ सेवा समिति को बुलाया। समिति के सदस्यों ने कड़ी मशक्कत के बाद बैल को बाहर निकाला।
गौ सेवक संभाल रहे मोर्चा
पिछले कई वर्षों से ऐसे हादसों में वैष्णवी निस्वार्थ गौ सेवा समिति ही आगे आकर गाय-बैलों को रेस्क्यू करने का काम कर रही है। समिति के अनुसार महीने में कई बार उन्हें इस तरह के कॉल मिलते हैं। तब तत्काल ही वैष्णवी निस्वार्थ गौ सेवा समिति के अध्यक्ष दीपक नेमा, सत्यम चौरसिया के अलावा उनकी टीम पहुंचती है इसके बाद गाय, बैल को निकाला जाता है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि न तो नगरपालिका और न ही प्रशासनिक अधिकारी व जनप्रतिनिधि इस समस्या पर ध्यान दे रहे हैं। नालों को ढंकने, बैरिकेडिंग करने या चेतावनी बोर्ड लगाने जैसी कोई व्यवस्था नहीं है।शहरवासियों ने मांग की है कि प्रशासन जल्द से जल्द खुले नालों को ढंकवाए और जगह-जगह सुरक्षा इंतजाम किए जाएं, ताकि मूक प्राणियों के साथ-साथ आमजन की जान भी बच सके।

विगत कई वर्षों से शिकायत करते आ रहे हैं

यह गंभीर लापरवाही है, विगत कई वर्षों से शिकायत करते आ रहे हैं। लेकिन इस पर नगर पालिका का किसी भी तरह से ध्यान नहीं है कोई बड़ी घटना हो जाएगी तब नगर पालिका और प्रशासन आएगा।

दीपक नेमा अध्यक्ष
वैष्णवी निस्वार्थ सेवा समिति दमोह

पीआईसी की बैठक में रखेंगे
जब इस संबंध में सीएमओ से चर्चा की। तो उन्होंने बताया कि आपके द्वारा बताया गया विषय गंभीर है। यह मामले को पीआईसी बैठक में रखेंगे। स्वीकृत मिलेगी तो काम करेंगे और जो अभी शहर में बड़े-बड़े नए नाले के निर्माण हो रहे हैं उनको ढांका जा रहा है।

राजेंद्र सिंह लोधी
मुख्य नगरपालिका अधिकारी
दमोह

Next Post

मौत का कुआं बना खेत, एक साथ 13 हिरणों की दर्दनाक मौत

Tue Jul 7 , 2026
शाजापुर: मध्य प्रदेश के शाजापुर जिले के कालापीपल तहसील स्थित खरदौनकलां गांव से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक खेत के कुएं से 13 हिरणों और एक आवारा कुत्ते के शव बरामद होने से इलाके में हड़कंप मच गया। रविवार को खेत मालिक के परिजनों ने […]

You May Like