महाशिवरात्रि से गुड़ी पड़वा तक चलेगा व्यापार मेला, 20 करोड़ का बीमा, तैयारियां शुरू

उज्जैन। नगर निगम आयुक्त अभिलाष मिश्रा ने व्यापार मेला 2026 की तैयारियों को लेकर निगम अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। उन्होंने निर्देश दिए कि व्यापार मेले से संबंधित सभी कार्य निश्चित समय-सीमा में पूर्ण किए जाएं। यह मेला 15 फरवरी (महाशिवरात्रि) से 19 मार्च (गुड़ी पड़वा) तक प्रस्तावित है।

बैठक में जानकारी दी गई कि मेले की टेंडर प्रक्रिया पूर्ण हो चुकी है। नगर निगम द्वारा मेला लेआउट, शौचालय, प्रकाश व्यवस्था, साफ-सफाई, सिविल वर्क, कंट्रोल रूम सहित सभी व्यवस्थाएं समय पूर्व सुनिश्चित की जाएंगी। साथ ही सम्पूर्ण मेला क्षेत्र का 20 करोड़ रुपए का सुरक्षा बीमा नगर निगम द्वारा करवाया जाएगा, जिससे किसी भी आपात स्थिति में सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

बैठक में एसआईआर प्रक्रिया की विधानसभावार समीक्षा की गई, जिसमें 27,515 हियरिंग और 9,152 मतदाताओं का वेरिफिकेशन पूरा होने की जानकारी दी गई। सभी एसडीएम और तहसीलदारों को 9 फरवरी तक कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। सीएम हेल्पलाइन की 50 व 300 दिवस पुरानी शिकायतों के निराकरण पर विशेष जोर देते हुए कलेक्टर ने कहा कि लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। लोक सेवा गारंटी अधिनियम के अंतर्गत समयसीमा में सेवाएं न देने पर संबंधित अधिकारियों पर जुर्माना लगाया जाएगा।

कलेक्टर ने निर्देश दिए कि सभी ग्राम पंचायतों में विशेष बैठकें आयोजित कर पशुपालक कृषकों को सेक्स सॉर्टेड सीमन और एआई तकनीक के लाभ बताए जाएं। पशुपालन विभाग ने बताया कि 25,000 के वार्षिक लक्ष्य के विरुद्ध अब तक 21,367 लक्ष्य प्राप्त कर लिए गए हैं। डॉ. भीमराव अंबेडकर कामधेनु योजना के तहत सामान्य व ओबीसी वर्ग को 25 प्रतिशत, जबकि एससी/एसटी वर्ग को 33 प्रतिशत अनुदान प्रदान किया जाएगा।

कलेक्टर ने सभी निर्माण विभागों को निर्देश दिए कि निर्माण स्थलों पर सभी सेफ्टी नॉम्र्स और सुरक्षा उपकरणों का अनिवार्य पालन सुनिश्चित किया जाए। बिना सूचना अनुपस्थित रहने पर सीईओ जनपद तराना का वेतन राजसात करने और अक्षय ऊर्जा अधिकारी को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश भी दिए गए।

 

कलेक्टर ने ली टीएल बैठक

जिले में प्रशासनिक कार्यों को समयबद्ध और प्रभावी ढंग से पूरा करने के उद्देश्य से सोमवार को कलेक्टर कार्यालय और नगर निगम में महत्वपूर्ण बैठकों का आयोजन किया गया। कलेक्टर रौशन कुमार सिंह और नगर निगम आयुक्त अभिलाष मिश्रा ने अलग-अलग बैठकों में जनहित, विकास, पशुपालन, छात्रों के मानसिक स्वास्थ्य और व्यापार मेला 2026 की तैयारियों को लेकर कड़े निर्देश दिए। कलेक्टर रौशन कुमार सिंह ने समयावधि पत्रों की समीक्षा करते हुए बताया कि जिले में अब तक 40 हजार 512 आवेदन दर्ज किए गए हैं, जिनमें से 28 हजार 644 आवेदनों का निराकरण किया जा चुका है। उन्होंने राजस्व सहित सभी विभागों को आपसी समन्वय से लंबित आवेदनों का शीघ्र निराकरण करने और निराकरण की जानकारी ऑनलाइन पोर्टल पर समय पर अपडेट करने के निर्देश दिए।

 

स्वास्थ्य के लिए जिला टास्क फोर्स सक्रिय

कलेक्टर रौशन कुमार सिंह की अध्यक्षता में आयोजित जिला स्तरीय टास्क फोर्स की बैठक में विद्यार्थियों में आत्महत्या की प्रवृत्ति की रोकथाम और मानसिक स्वास्थ्य सुदृढ़ करने पर चर्चा की गई। कलेक्टर ने निर्देश दिए कि सभी महाविद्यालयों में मेंटल हेल्थ सेल गठित कर नियमित काउंसलिंग की जाए तथा विद्यार्थियों को करियर के विकल्पों से अवगत कराया जाए। कलेक्टर ने विद्यार्थियों से अपील की कि मानसिक स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के लिए 24&7 टोल फ्री हेल्पलाइन 14416 और 14425 पर संपर्क करें। उल्लेखनीय है कि 31 जनवरी को जिला स्तरीय प्रथम प्रशिक्षण आयोजित किया जा चुका है। बैठकों में अपर आयुक्त नगर निगम संतोष टैगोर, एडीएम, सभी एसडीएम, उपायुक्त, कार्यपालन यंत्री, सहायक आयुक्त, सीएमएचओ, शिक्षा विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग तथा कोचिंग संस्थानों और निगम के अधिकारी उपस्थित रहे।

Next Post

स्वास्थ्य, शिक्षा, कृषि कार्यो में हम सुधार लाकर बेहतरीन कार्य कर सकें: रामनिवास

Mon Feb 2 , 2026
सिंगरौली। नीति आयोग भारत सरकार द्वारा चलाये जा रहे आकांक्षी जिला कार्यक्रम एवं आकांक्षी ब्लाक सम्पूर्णता अभियान 2.0 का शुभारंभ सिंगरौली विधायक राम निवास शाह के मुख्य अतिथि में एवं देवसर विधायक राजेन्द्र मेश्राम, सीडा अध्यक्ष दिलीप शाह, कलेक्टर गौरव बैनल के उपस्थिति में अटल सामुदायिक भवन बिलौंजी में किया […]

You May Like