शाजापुर: मध्य प्रदेश के शाजापुर जिले के कालापीपल तहसील स्थित खरदौनकलां गांव से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक खेत के कुएं से 13 हिरणों और एक आवारा कुत्ते के शव बरामद होने से इलाके में हड़कंप मच गया। रविवार को खेत मालिक के परिजनों ने कुएं से तेज दुर्गंध आने पर अंदर झांककर देखा तो बड़ी संख्या में सड़े-गले शव दिखाई दिए। सूचना मिलते ही वन विभाग, पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची।
प्रारंभिक जांच में आशंका जताई गई है कि हिरणों का झुंड किसी आवारा कुत्ते से बचने के लिए तेज़ी से भाग रहा था। इसी दौरान कुएं की क्षतिग्रस्त मुंडेर से सभी हिरण नीचे गिर गए। जिस कुत्ते से वे बच रहे थे, उसकी भी कुएं में गिरने से मौत हो गई। मृत हिरणों में 4 नर और 9 मादा शामिल हैं। घटना एक-दो दिन पुरानी बताई जा रही है।
सोमवार को वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी में पंचनामा और पोस्टमार्टम की कार्रवाई पूरी की गई, जिसके बाद सभी शवों का अंतिम संस्कार कर दिया गया। वन विभाग का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वास्तविक वजह की पुष्टि होगी। फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है। यह घटना वन्यजीवों की सुरक्षा और खुले कुओं की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करती है।
