तेहरान, 16 मई (वार्ता) ईरान ने घोषणा की है कि वह जल्द ही होर्मुज जलडमरूमध्य में समुद्री यातायात को नियंत्रित करने के लिए एक नयी व्यवस्था की शुरुआत करेगा।
क्षेत्रीय तनाव और समुद्री सुरक्षा को लेकर चल रहे विवादों के बीच वरिष्ठ ईरानी सांसद इब्राहिम अजीजी ने इसकी जानकारी अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर पर दी है।
संसद के राष्ट्रीय सुरक्षा और विदेश नीति आयोग के प्रमुख इब्राहिम अजीजी ने ‘एक्स’ पर लिखा, “ईरान ने अपनी राष्ट्रीय संप्रभुता और अंतरराष्ट्रीय व्यापारिक सुरक्षा की गारंटी के तहत होर्मुज जलडमरूमध्य में एक निर्धारित मार्ग से यातायात प्रबंधन के लिए पेशेवर व्यवस्था तैयार कर ली है, जिसका जल्द ही एलान किया जायेगा।
उन्होंने कहा कि इस नये तंत्र के तहत केवल उन्हीं वाणिज्यिक जहाजों और पक्षों को होर्मुज जलडमरूमध्य पार करने की अनुमति मिलेगी, जो ईरान के साथ सहयोग कर रहे हैं। ईरान इस योजना के तहत दी जाने वाली विशेष सेवाओं के लिए शुल्क लागू करेगा।
श्री अजीजी ने कहा कि यह जलडमरूमध्य तथाकथित ‘फ्रीडम प्रोजेक्ट’ के हिस्सा बनने वालों के लिए बंद रहेगा।
28 फरवरी को अमेरिका-इजरायल ने ईरानी क्षेत्र पर हमले शुरू किये थे। अमेरिका-ईरान ने सात अप्रैल को युद्धविराम की घोषणा की, लेकिन अमेरिका ने ईरानी बंदरगाहों की घेराबंदी कर दी, जबकि ईरान ने होर्मुज जलडमरूमध्य से गुजरने के लिए विशेष पारगमन नियमों की घोषणा की है।
