शहडोल: जिले के धनपुरी थाना क्षेत्र अंतर्गत एसईसीएल सोहागपुर की अमलाई ओपनकास्ट माइंस में शनिवार को एक बड़ा हादसा हो गया। मिट्टी धंसने (स्लाइडिंग) के कारण रीवा जिले के मऊगंज निवासी टीपर ऑपरेटर अनिल कुशवाहा डोजर मशीन सहित पानी भरे गड्ढे में समा गए। कई घंटे बीतने के बाद भी न तो मशीन का पता चला और न ही ऑपरेटर का कोई सुराग मिला।
घटना की सूचना मिलते ही अनुविभाग के एसडीओपी, थाना प्रभारी, पुलिस और बचाव दल मौके पर पहुंचे।एस डी आर एफ टीम को भी रेस्क्यू ऑपरेशन के लिए बुलाया गया, जो गहराई में खोज अभियान चला रही है। स्थानीय सूत्रों के अनुसार हादसे के बाद भी आरकेटी सी कंपनी की ओर से कोई त्वरित बचाव व्यवस्था नहीं की गई, जिससे अफरा-तफरी का माहौल रहा।
साल भर पहले इसी माइंस में एक विशाल माइनिंग मशीन और कर्मचारी लापता हो गए थे, जिनका आज तक कोई पता नहीं चला। स्थानीय श्रमिकों का कहना है कि हर बार आश्वासन मिलता है, लेकिन सुरक्षा मानकों में सुधार नहीं होता। आर के टी सी कंपनी ने अमलाई ओ सी एम में लगभग 4 अरब रुपये का कोयला उत्खनन और ओबी हटाने का ठेका लिया हुआ है।
मजदूरों का आरोप है कि कंपनी ने सुरक्षा उपकरण और साइट मॉनिटरिंग के बिना मशीन को खतरनाक ढलान क्षेत्र में चलाने का निर्देश दिया। धनपुरी पुलिस और एसडीओपी ने प्रारंभिक जांच शुरू कर दी है। स्थानीय ग्रामीण और श्रमिक मांग कर रहे हैं कि कंपनी के जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ आपराधिक लापरवाही की कार्रवाई की जाए, ताकि अमलाई ओ सी एम को मौत का कुंआ बनने से रोका जा सके।
